Karnal Police Firing Case : करनाल। हरियाणा के करनाल जिले से खाकी को शर्मसार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ सोमवार देर रात सिविल लाइन थाना क्षेत्र में खुद को एक माननीय जज का गनमैन बताने वाले एक पुलिसकर्मी पर एक टेंट कारोबारी के साथ मारपीट करने और जान से मारने की नीयत से अंधाधुंध फायरिंग करने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
गाड़ी से सामान निकालने पर शुरू हुआ विवाद
पुलिस को दी गई शिकायत में करनाल निवासी मुनीष ने बताया कि वह ‘सरस्वती टेंट हाउस’ नाम से अपनी दुकान चलाते हैं। आगामी 7 अक्टूबर को एनडीआरआई (NDRI) रोड पर होने वाले एक कार्यक्रम के लिए वह सोमवार रात करीब 11 से 11:30 बजे के बीच अपने परिवार के सदस्यों और मजदूरों के साथ टेंट लगाने का काम कर रहे थे।
इसी दौरान उन्होंने देखा कि एक व्यक्ति उनकी गाड़ी के भीतर घुसकर लोहे का सामान निकालकर गाड़ी के ऊपर रख रहा है। जब मुनीष ने गाड़ी में घुसने और सामान निकालने का कारण पूछा, तो उस व्यक्ति ने खुद को पुलिसकर्मी बताया और रौब झाड़ने लगा। कारोबारी का आरोप है कि उक्त पुलिसकर्मी अत्यधिक शराब के नशे में धुत था।
बंदूक के बट से हमला और अंधाधुंध फायरिंग
जब मुनीष और वहाँ मौजूद अन्य लोगों ने उसे समझाने का प्रयास किया, तो आरोपी पुलिसकर्मी गाली-गलौज और मारपीट पर उतारू हो गया। हालांकि, इसी बीच पुलिस की एक राइडर टीम मौके पर पहुँची और मामला शांत कराकर पुलिसकर्मी को वहाँ से भेज दिया। इसके बाद टेंट कर्मी दोबारा अपने काम में जुट गए।
लेकिन घटना के महज 15-20 मिनट बाद आरोपी पुलिसकर्मी एक बार फिर मौके पर आ धमका और आते ही अंधाधुंध गालियां देने लगा। विरोध करने पर उसने बंदूक की बट से टेंट कारोबारी मुनीष के सिर पर जोरदार वार कर दिया, जिससे वह लहूलुहान हो गए। इतने पर भी जब आरोपी का मन नहीं भरा, तो उसने मुनीष के बेटे, भतीजे और उनके दोस्त के बेटे को निशाना बनाते हुए सीधी फायरिंग कर दी। तीनों युवाओं ने मुस्तैदी दिखाते हुए गाड़ियों के पीछे छिपकर बमुश्किल अपनी जान बचाई।
गाड़ियों पर लगी गोली, पुलिस ने शुरू की जांच
शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपी द्वारा चलाई गई एक गोली सीधे उनकी गाड़ी के शीशे पर जा लगी, जबकि दूसरी गोली दूसरी गाड़ी के बेहद करीब से होकर निकल गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस तुरंत हरकत में आई। पुलिस ने पीड़ित कारोबारी मुनीष की शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है और मामले की गहनता से तफ्तीश की जा रही है।

