करनाल। हरियाणा की मंडियों में धान खरीद के दौरान नियमों की निगरानी तेज हो गई है। इंद्री अनाज मंडी में उत्तर प्रदेश से धान लाकर बेचने की आशंका के मामले में प्रशासन ने आढ़ती और उसकी फर्म के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। जांच के दौरान मंडी में धान से भरी दो ट्रॉलियां पकड़ी गई थीं, जिनमें करीब 160 क्विंटल धान लदा हुआ था।

जांच में पकड़ी गईं धान से भरी दो ट्रॉलियां

मार्केट कमेटी के सचिव अमित कुमार के मुताबिक, 22 अक्टूबर को इंद्री के एसडीएम रमन गुप्ता मंडी का निरीक्षण कर रहे थे। इसी दौरान दुकान नंबर 157 से जुड़ी फर्म तेजिंदर सिंह सोहन लाल की दो ट्रॉलियों में धान मिला। अधिकारियों ने धान के स्रोत के बारे में जानकारी मांगी, लेकिन आढ़ती की ओर से संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया।

नोटिस के बाद भी नहीं मिला जवाब

प्रशासन ने संबंधित फर्म को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए एक दिन के भीतर धान कहां से लाया गया, इसका स्पष्टीकरण देने को कहा था। हालांकि, तय समय में फर्म की ओर से जवाब नहीं दिया गया। इसके बाद धान की ई-खरीद प्रक्रिया में संभावित अनियमितता को लेकर पुलिस में शिकायत दी गई।

इंद्री थाना पुलिस ने आढ़ती तेजिंदर सिंह और संबंधित फर्म के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। मामले में यह जांच की जाएगी कि धान कहां से लाया गया था और मंडी में उसकी बिक्री के दौरान खरीद नियमों का पालन हुआ या नहीं।

धान खरीद में गड़बड़ी पर होगी कार्रवाई

मार्केट कमेटी सचिव अमित कुमार ने कहा कि सरकार प्रदेश के किसानों की फसल का एक-एक दाना खरीदने के लिए प्रतिबद्ध है। मंडियों में धान खरीद की प्रक्रिया पर लगातार नजर रखी जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि खरीद में अनियमितता या लापरवाही सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m