भोपाल। राजधानी के नेहरू नगर स्थित करुणाधाम आश्रम में धार्मिक आस्था और उत्साह का अनूठा माहौल देखने को मिला। यहां मध्यप्रदेश की पहली पंचमुखी महाकाली के रूप में प्रतिष्ठित मां ‘बड़ी अम्मा’ का भव्य आगमन हुआ है। माता मंदिर चौराहे पर मां का जोरदार स्वागत किया गया, जिसके बाद विभिन्न मार्गों से होते हुए ‘बड़ी अम्मा’ देर रात करुणाधाम आश्रम पहुंचीं। आश्रम पहुंचने पर भी भक्तजनों ने मां का अत्यंत उत्साह के साथ स्वागत किया।
21 फीट ऊंची विशाल प्रतिमा बनी आकर्षण का केंद्र
करुणाधाम में स्थापित मां ‘बड़ी अम्मा’ की यह 21 फीट ऊंची विशाल प्रतिमा श्रद्धालुओं के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेगी। भक्तिमय वातावरण और भव्य स्वागत के दौरान पीठाधीश्वर श्री सुदेश जी शांडिल्य महाराज के साथ बड़ी संख्या में गणमान्य भक्तजन मौजूद रहे। आगमन के खास मौके पर बारेलाल बैंड की विशेष प्रस्तुति ने माहौल को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया।
9 रातें, 9 रंग और 9 दिव्य रूपों के साथ होगी विशेष आराधना
आश्रम की युवा समिति के अध्यक्ष श्री शाश्वत शांडिल्य ने जानकारी दी है कि आने वाले दिनों में 9 रातें, 9 रंग और 9 दिव्य रूपों के साथ मां बड़ी अम्मा की आरती और पूजन-अर्चन किया जाएगा। धार्मिक आस्था और भक्ति से ओतप्रोत इस भव्य आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु सहभागिता कर रहे हैं। मां बड़ी अम्मा के इस अलौकिक आगमन के साथ ही करुणाधाम आश्रम में आगामी नौ दिनों तक श्रद्धा, भक्ति और उत्सव का विशेष वातावरण बना रहेगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

