Lifestyle Desk : करवा चौथ का त्योहार सुहागिन महिलाओं के लिए बेहद खास होता है। इस दिन महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र और सुखी वैवाहिक जीवन की कामना करते हुए निर्जला व्रत रखती हैं। व्रत की शुरुआत सूर्योदय से पहले सरगी खाने के साथ होती है। सरगी में ऐसी चीजें शामिल करना पसंद किया जाता है, जो स्वादिष्ट होने के साथ पेट को देर तक भरा रखने में मदद करें। ऐसे में देसी घी और गुड़ से बनी घर की खस्ता मट्ठी एक अच्छा विकल्प हो सकती है। बाजार से महंगी मट्ठी खरीदने के बजाय आप इसे घर पर आसानी से तैयार कर सकती हैं।आइए जानते हैं इसे बनाने का आसान तरीका।

सामग्री
गेहूं का आटा-दो कप
देसी घी-चार से पांच बड़े चम्मच
गुड़-आधा कप
सौंफ-आधा छोटा चम्मच
इलायची पाउडर -एक चुटकी
गुड़ घोलने के लिए थोड़ा गुनगुना पानी
मट्ठी तलने के लिए घी या तेल

विधि

1-सबसे पहले गुड़ को छोटे टुकड़ों में तोड़ लें। अब इसे थोड़े गुनगुने पानी में डालकर अच्छी तरह घोलें। गुड़ पूरी तरह घुल जाने पर घोल को छान लें, ताकि उसमें मौजूद अशुद्धियां निकल जाएं।
2-एक बड़े बर्तन में आटा लें और उसमें देसी घी डालकर अच्छी तरह मिलाएं। अब सौंफ और इलायची पाउडर डालें।
3-इसके बाद गुड़ का घोल थोड़ा-थोड़ा डालते हुए सख्त आटा गूंथ लें। ध्यान रखें कि आटा ज्यादा नरम न हो, क्योंकि इससे मट्ठी की खस्ता बनावट प्रभावित हो सकती है।
4-गूंथे हुए आटे की छोटी-छोटी लोइयां बनाएं। इन्हें हल्का मोटा बेल लें और कांटे की मदद से कुछ छेद कर दें। इससे तलते समय मट्ठी फूलने की संभावना कम होगी और वह अच्छी तरह कुरकुरी बनेगी।
5-कड़ाही में घी या तेल गर्म करें। आंच धीमी से मध्यम रखें और मट्ठियों को धीरे-धीरे सुनहरा होने तक तलें। गुड़ के कारण मट्ठी जल्दी गहरी हो सकती है, इसलिए तलते समय ध्यान रखें कि वह जले नहीं। तैयार मट्ठियों को निकालकर ठंडा होने दें।

इन टिप्स से मट्ठी बनेगी ज्यादा खस्ता
मट्ठी को कुरकुरा बनाने के लिए आटे में घी की मात्रा सही रखना जरूरी है। आटा सख्त गूंथें और मट्ठी को तेज आंच पर न तलें। तलने के बाद इन्हें पूरी तरह ठंडा होने दें और फिर एयरटाइट डिब्बे में रखें, ताकि इनकी कुरकुराहट बनी रहे।