वाराणसी में 2 से 4 अक्टूबर तक काशी टैक्स कॉन्क्लेव-2026 का आयोजन होगा, जिसमें देशभर के कर विशेषज्ञ शामिल होंगे. सम्मेलन में आयकर, जीएसटी और नए कर कानूनों से जुड़े समसामयिक विषयों पर चर्चा होगी.

वाराणसी. देशभर के आयकर अधिवक्ता, चार्टर्ड अकाउंटेंट, कर प्रैक्टिशनर और कर व्यवसायी 2 से 4 अक्टूबर तक वाराणसी के कैंटोनमेंट स्थित होटल क्लार्क में आयोजित काशी टैक्स कॉन्क्लेव-2026 में शामिल होंगे. राष्ट्रीय सम्मेलन में आयकर, जीएसटी और नए कर कानूनों से जुड़े मौजूदा विषयों पर विशेषज्ञ चर्चा करेंगे.

इस सम्मेलन का आयोजन इनकम टैक्स बार एसोसिएशन, ऑल इंडिया फेडरेशन ऑफ टैक्स प्रैक्टिशनर्स और जीएसटी बार एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है. इसकी जानकारी गुरुवार को मकबूल आलम रोड स्थित आयकर भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में दी गई.

ये होंगे मुख्य अतिथि

सम्मेलन में इलाहाबाद हाई कोर्ट के न्यायमूर्ति पीयूष अग्रवाल मुख्य अतिथि होंगे, जबकि न्यायमूर्ति इंद्रजीत शुक्ला विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे.

कार्यक्रम के दौरान ऑल इंडिया फेडरेशन ऑफ टैक्स प्रैक्टिशनर्स के 50 वर्ष पूरे होने पर आयोजित स्वर्ण जयंती समारोह का समापन भी किया जाएगा.

प्रतिनिधियों के लिए कार्यक्रम

2 अक्टूबर को सम्मेलन में बाहर से आने वाले प्रतिनिधियों के लिए आध्यात्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तावित हैं. इनमें गंगा क्रूज से गंगा विहार, क्रूज से गंगा आरती के दर्शन, रुद्राभिषेक और भजन संध्या शामिल हैं.

कर कानूनों पर चर्चा

3 और 4 अक्टूबर को राष्ट्रीय कर सम्मेलन के विभिन्न सत्र आयोजित किए जाएंगे. इन सत्रों में आयकर और अन्य कर कानूनों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञ अपने विचार रखेंगे.

पत्रकार वार्ता में कॉन्फ्रेंस एडवाइजर अरविंद शुक्ला, को-चेयरमैन ओमप्रकाश शुक्ला, कॉन्फ्रेंस चेयरमैन आसिम जफर, अध्यक्ष संजय कुमार वर्मा, सचिव वरुण कुमार सिंह और मीडिया प्रभारी हर्ष सिंह मौजूद रहे.