अनूप दुबे, कटनी। कटनी जिले में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के भीतर भ्रष्टाचार और अधिकारियों की मनमानी किस कदर हावी है, इसका एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। बड़वारा जनपद पंचायत में पदस्थ अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी (APO) अजीत सिंह परिहार पर रोजगार सहायकों ने मानसिक व आर्थिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। मामला इतना बढ़ गया है कि अधिकारी पर ग्राम रोजगार सहायकों से दाल-चावल, गेहूं और यहां तक कि आलू-टमाटर जैसी सब्जियां मांगने के आरोप लगे हैं।

​इस प्रताड़ना से तंग आकर मंगलवार को ग्राम रोजगार सहायक/पंचायत सहायक सचिव कर्मचारी संघ के बैनर तले बड़वारा विकासखंड क्षेत्र के समस्त रोजगार सहायक और सचिव जनपद कार्यालय में एकत्रित हुए। संघ ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) बड़वारा के नाम एक लिखित ज्ञापन सौंपकर संबंधित अधिकारी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

ये भी पढ़ें: कटनी में भ्रष्टाचार पर बड़ी स्ट्राइक: लोकायुक्त ने 5 हजार की घूस लेते पटवारी को किया गिरफ्तार, इस काम के एवज में मांगी थी रिश्वत

​मोबाइल रिचार्ज से लेकर गाड़ियों में डीजल डलवाने का दबाव

​ज्ञापन सौंपने पहुंचे रोजगार सहायक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष हेमराज उपाध्याय ने आरोप लगाते हुए कहा कि ​अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी अजीत सिंह परिहार लगातार क्षेत्र के सहायक सचिवों को मानसिक और आर्थिक रूप से प्रताड़ित कर रहे है। हद तो तब हो गई जब उन्होंने सचिवों से अपने घर के राशन के लिए चावल, गेहूं, दाल और आलू-टमाटर जैसी सब्जियों की मांग करना शुरू कर दिया।

​ब्लॉक अध्यक्ष ने आगे बताया कि प्रताड़ना का यह सिलसिला यहीं नहीं थमा। अधिकारी की ओर से सचिवों से उनके व्यक्तिगत मोबाइल फोन रिचार्ज कराने और क्षेत्र भ्रमण (विजिट) के दौरान अपने निजी वाहनों में डीजल डलवाने के लिए भी अनैतिक दबाव बनाया जाता है। ​कर्मचारियों का आरोप है कि जब भी किसी रोजगार सहायक सचिव ने इन नाजायज मांगों को पूरा करने से मना किया या असमर्थता जताई, तो उन्हें पद से हटाने और सेवा समाप्त कर देने की सीधी धमकियां दी गईं। इस लगातार मिल रही मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर आखिरकार सभी कर्मचारियों को लामबंद होना पड़ा।

ये भी पढ़ें: महाकाल मंदिर में सुरक्षा की बड़ी चूक: ‘पुष्पा’ के गेटअप में पहुंचे युवक को वीआईपी दर्शन, फोटो खिंचवाते रहे सुरक्षाकर्मी

​प्रशासन को 3 दिन का अल्टीमेटम, कलम बंद हड़ताल की चेतावनी

​रोजगार सहायक और सचिव संघ ने बड़वारा जनपद CEO को सौंपे ज्ञापन में स्पष्ट रूप से मांग की है कि अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी (APO) अजीत सिंह परिहार का 3 दिन के भीतर स्थानांतरण किया जाए। ​कर्मचारियों को भयमुक्त और सम्मानजनक कार्य वातावरण उपलब्ध कराया जाए। ​संघ ने चेतावनी दी है कि यदि 3 दिनों के भीतर इस विषय पर न्यायोचित और दंडात्मक कार्रवाई नहीं की गई, तो बड़वारा विकासखंड के समस्त रोजगार सहायक और सचिव कलम बंद हड़ताल पर चले जाएंगे। इस दौरान ग्रामीण विकास से जुड़े तमाम कार्य ठप हो जाएंगे, जिसकी पूरी जवाबदेही विभाग की होगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m