अनूप दुबे, कटनी। कटनी जिले के विजयराघवगढ़ थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहां तेज रफ्तार यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस भीषण हादसे में एक मासूम बच्ची की मौत हो गई, जबकि तीन दर्जन से ज्यादा यात्री घायल हो गए हैं। घटना विजयराघवगढ़ के बंजारी के पास खजुरी मार्ग की है, जहां पिपरा से मैहर जा रही रजा बस अचानक पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

पिपरा से मैहर जा रही थी रजा बस, अचानक हुई अनियंत्रित

यह पूरा सड़क हादसा कटनी जिले के विजयराघवगढ़ क्षेत्र में हुआ है, जिसने एक मासूम की जिंदगी छीन ली। जानकारी के मुताबिक, रजा बस जिसका वाहन नंबर MP 17 BD 0811 पिपरा से मैहर की ओर जा रही थी। इसी दौरान बंजारी के पास खजुरी मार्ग पर बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। बस के पलटते ही अंदर बैठे यात्रियों में हड़कंप मच गया और चारों तरफ चीख-पुकार सुनाई देने लगी।

ये भी पढ़ें: चप्पलों से पिटाई का वीडियो वायरल! महिला को 3 दिन तक बंधक बनाने का आरोप, बजरंग दल ने युवक को किया पुलिस के हवाले

एक मासूम की मौत, तीन दर्जन से अधिक यात्री घायल

इस भीषण दुर्घटना में तीन दर्जन से ज्यादा यात्री घायल हो गए। इनमें एक मासूम बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई थी, जिसे तुरंत अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलते ही विजयराघवगढ़ पुलिस तुरंत सक्रिय हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m