अनूप दुबे, कटनी (ढीमरखेड़ा)। कटनी जिले की ढीमरखेड़ा जनपद पंचायत बीते कई सालों से सुविधाओं के अभाव में जी रहा है। ग्राम पंचायत दादर सिंहुडी के आश्रित ग्राम ऊमरपानी में बीते सालों में तत्कालीन पंचायत सचिव ने स्कूल मरम्मत के नाम पर राशि निकाली लेकिन काम आज तक अधूरा है। ग्रामीणों ने सचिव पर सरकारी राशि का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि तत्कालीन सचिव ने अपने बेटे के नाम के ट्रेडर्स के बिल लगा लिए और किचन, शेड और स्कूल मरम्मत के नाम पर ढाई लाख रुपए की राशि का गोलमाल कर लिया। उनका कहना है कि अगर सचिव ने अच्छे से काम करवाया होता तो भवन इतनी जल्दी जर्जर नहीं होता और स्कूली बच्चों को परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ता।
स्थानीय निवासी अब्दुल कादिर खान ने बताया कि तत्कालीन ग्राम पंचायत सचिव ने किचन शेड और स्कूल मरम्मत के नाम पर तकरीबन ढाई लाख रुपए की राशि निकाली लेकिन काम अधूरा करवाया। मामले की शिकायत एसडीएम, सीईओ और बीआरसी से की गई है। वहीं सरपंच पति निरंजन सिंह ने बताया कि गांव में सड़क और स्कूल की समस्या है। आजादी के बाद भी आज भी लोगों को अच्छी सड़क की सुविधा नहीं मिल रही। अधिकारी और नेताओं से सिर्फ आश्वासन मिल रहे हैं लेकिन समस्या का निराकरण नहीं हुआ।
ग्रामीण 10 अगस्त को आंदोलन करने की तैयारी में है। कलेक्टर के नाम ज्ञापन भी सौंपा गया है लेकिन अभी तक किसी भी अधिकारी ने मामले की सुध नहीं ली। इस संबंध में बी आर सी प्रेम कोरी ने बताया कि स्कूल मरम्मत की राशि विभाग की ओर से जारी होती है लेकिन निर्माण ग्राम पंचायत करवाता है। शिक्षक से जांच करवाई जाएगी और दोषी पाए जाने पर नियम अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


