अनूप दुबे, कटनी (ढीमरखेड़ा)। मध्य प्रदेश के कटनी जिले के ढीमरखेड़ा के मुरवारी ग्राम से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक परिवार ने थाने पहुंचकर आरोप लगाया है कि उनके छोटे बच्चे को बोरे में भरकर किडनैपिंग करने की कोशिश की। परिजनों का यह भी दावा है कि उन्होंने इस पूरी घटना का एक वीडियो भी तैयार किया है, जिसे पुलिस को सौंपा गया है।

पैतृक संपत्ति का विवाद और शराब के नशे में धमकी

पीड़ित मंगत राम चक्रवर्ती अपने बुजुर्ग माता-पिता के साथ थाने पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई। मंगत राम ने बताया कि उनका मंझला भाई सुरेश चक्रवर्ती पिछले 25 वर्षों तक मुंबई में काम करता था। पत्नी के निधन के बाद वह अपनी 13 साल की बेटी कविता के साथ वापस गांव आ गया था। पैतृक संपत्ति का बंटवारा हो चुका है, फिर भी सुरेश शराब के नशे में लगातार उन्हें परेशान और प्रताड़ित करता है। परिजनों के अनुसार, वह अक्सर यह कहकर डराता है कि उसने “आठ मर्डर किए हैं और वह किसी से नहीं डरता।”

बोरे में बच्चे को भरने का आरोप और वीडियो सबूत

शिकायत के अनुसार, सुरेश चक्रवर्ती की बेटी कविता पर छोटे बच्चे को बोरे में भरकर ले जाने का प्रयास करने का आरोप लगाया गया है। मंगत राम का कहना है कि घटना के समय उन्होंने इसका वीडियो भी बना लिया था। पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया कि पूर्व में जब वे पुलिस के पास शिकायत लेकर गए थे, तो उन्हें डांट-फटकार कर भगा दिया गया था। इसके अलावा, सुरेश पर अपनी ही बेटी के साथ मारपीट करने और गंदी-गंदी गालियां देने का भी आरोप है।

टॉफी-नमकीन का लालच और ‘करोड़ों की डील’ का सनसनीखेज दावा

शिकायती पत्र में यह गंभीर आरोप भी लगाया गया है कि सुरेश चक्रवर्ती गांव के अबोध बच्चों को टॉफी और नमकीन का लालच देकर बहलाने-फुसलाने का काम करता है। पीड़ित परिवार का दावा है कि सुरेश के साथ गांव के कुछ अन्य लोग भी शामिल हैं जो काफी दिनों से बच्चों की किडनैपिंग को लेकर बातें कर रहे हैं।

परिजनों के मुताबिक, दशहरे से पहले क्षेत्र के अधिक से अधिक बच्चों को मुंबई ले जाने का टारगेट रखा गया है, जिसमें प्रति बच्चा 1 से 2 करोड़ रुपये के लेन-देन की चर्चाएं हैं। पीड़ित परिवार ने पुलिस से जान-माल की सुरक्षा और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m