अनूप दुबे, कटनी (ढीमरखेड़ा)। कटनी जिले के ढीमरखेड़ा के सिलौंडी पुलिस चौंकी क्षेत्र मैं अवैध कारोबार धड़ल्ले से जारी है। ग्रामीणों ने इसकी शिकायत पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा से की है। ग्रामीणों ने बताया कि चौकी के गांव में गांजे का बहुत बड़ा व्यापार हो रहा है। आसपास की तकरीबन दो दर्जन गांवों के लोग सिलौंडी गांजा खरीदने आते हैं और युवा पीढ़ी नशे की गिरफ्त में आकर बर्बाद हो रही है। 

ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि रेत का ठेका नहीं हुआ है, खनन प्रतिबंधित होने के बावजूद अवैध घाटों से रेत निकालने का सिलसिला जारी है। गुरुवार दोपहर दतला नदी से दिनदहाड़े रेत निकाली जा रही थी। ग्रामीणों ने मामले की शिकायत थाना प्रभारी महिमा रघुवंशी से की थी जिसके बाद उन्होंने तत्काल स्टाफ को मौके पर भेजा। इस दौरान रेत निकालते हुए पाए गए और पुलिस को देखकर भाग गए।

तकरीबन दो सप्ताह से दूसरे जिले के जुआरियों की शिकायत भी पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को मिली है। चौकी क्षेत्र के गावों में सट्टा भी पैर पसार चुका है। ग्रामीणों ने यह बताया कि गर्मी के मौसम में बोरिंग मशीन में प्रतिबंध लगा था, इसके बावजूद चौकी क्षेत्र में कम से कम 200 बोर हुए हैं जिसमें पुलिस का संरक्षण प्राप्त था। रेत निकालने वाले ट्रैक्टरों से भी 30 हजार रुपए हर महीने लेने की बातें आम हो चुकी है। एसपी अगर चौकी के पुलिस कर्मियों के कॉल डिटेल की जांच करवाए तो पता चलेगा कि अवैध कारोबारियों से उनकी कितनी बार बात हुई है और कितने का ऑनलाइन  लेनदेन हुआ है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए बड़वारा विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह ने भी ढीमरखेड़ा पुलिस थाने में एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी और थाना प्रभारी महिमा रघुवंशी से बढ़ रहे अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करने पर चर्चा की है। इस संबंध में एसपी अभिनय विश्वकर्मा ने बताया कि शिकायत मिली है जिसकी जांच करवाई जाएगी। दोषी पाए जाने पर कार्रवाई सुनिश्चित है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m