अनूप दुबे, कटनी (ढीमरखेड़ा)। मध्य प्रदेश के कटनी जिले की ढीमरखेड़ा तहसील में बढ़ती महंगाई, राशन सोसाइटियों में शक्कर की किल्लत और स्थानीय जनसमस्याओं को लेकर सियासी पारा चढ़ गया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने दुर्गा मंदिर बस स्टैंड से नारेबाजी करते हुए एसडीएम कार्यालय तक पैदल मार्च निकाला और 9 सूत्रीय मांगों को लेकर राज्यपाल के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा।
ये भी पढ़ें: पुलिस का ‘ऑपरेशन मनी ट्रैप’: 2 करोड़ की ठगी वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश, 1.73 करोड़ कैश सहित 14 आरोपी गिरफ्तार
सोसाइटियों से शक्कर गायब, बदहाल सड़कों से जनता परेशान
कांग्रेस नेताओं ने प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन सौंपते हुए आरोप लगाया कि महंगाई के इस दौर में शक्कर के दाम आसमान छू रहे हैं। वहीं, शासकीय उचित मूल्य दुकानों में शक्कर की आपूर्ति बंद होने से गरीब परिवारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने ढीमरखेड़ा क्षेत्र की प्रमुख 9 समस्याओं को जोर-शोर से उठाया:
राशन व महंगाई: सोसाइटियों में शक्कर का वितरण तुरंत शुरू करने और शक्कर की बढ़ती कीमतों पर अंकुश लगाने की मांग।
स्वास्थ्य व्यवस्था: तहसील मुख्यालय के अस्पताल में स्थायी डॉक्टरों की पदस्थापना की मांग।
बदहाल सड़कें: स्लीमनाबाद से विलायत कला मार्ग के गड्डों में PWD विभाग द्वारा तत्काल सुधार कार्य न कराने पर नाराजगी।
किसान हित: क्षेत्र के किसानों को खेती के लिए पर्याप्त बिजली और समय पर खाद-बीज उपलब्ध कराने की मांग।
ये भी पढ़ें: गरीबों का अनाज कौन डकार रहा? राशन की दुकान पर ‘माफिया राज’? 6 महीने से नहीं मिला हक
प्रशासन ने दिया समस्याओं के निराकरण का आश्वासन
ज्ञापन प्राप्त करने के बाद तहसीलदार नितिन पटेल ने कांग्रेस शिष्टमंडल को आश्वस्त किया कि 9 सूत्रीय ज्ञापन को शीघ्र ही शासन स्तर (राज्यपाल महोदय) तक पहुंचाया जाएगा और स्थानीय स्तर की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान कराया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेसी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


