अनूप दुबे, कटनी। जिले के ढीमरखेड़ा पुलिस थाना अंतर्गत सिलौंडी चौकी के ग्राम इटोली में अज्ञात चोरों ने एक प्राचीन मंदिर को अपना निशाना बनाया है। शारदीय नवरात्रि के पवित्र दिनों में हुई इस घटना से ग्रामीणों के मन में भारी निराशा और आक्रोश व्याप्त है।
सुबह पता चला, पुलिस मौके पर पहुंची
बुधवार सुबह जब ग्रामीणों ने मंदिर से मूर्ति गायब देखी, तो तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी महिमा रघुवंशी और चौकी प्रभारी अनिल पांडे अपने पुलिस स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे और आसपास की स्थिति का जायजा लिया। ग्रामीणों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
डॉग स्क्वॉड, फॉरेंसिक और साइबर टीम की मदद से तलाश
थाना प्रभारी महिमा रघुवंशी ने बताया कि दक्षिण मुखी हनुमान मूर्ति की चोरी के मामले में पुलिस गंभीरता से जुटी हुई है। मामले के खुलासे के लिए डॉग स्क्वॉड, फॉरेंसिक और साइबर टीम की मदद ली जा रही है। इसके साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं, पुलिस गश्त पर उठे सवाल
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार मंदिरों को निशाना बनाया जा रहा है। इससे पहले भी गांव में शनि मंदिर की मूर्ति और माता के आभूषण चोरी होने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। लगातार हो रही इन वारदातों से पुलिस की गश्त पर भी सवालिया निशान लग रहे हैं। ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक अभिनव विश्वकर्मा से जल्द से जल्द चोरों का पता लगाकर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

