अनूप दुबे, ढीमरखेड़ा(कटनी)। कटनी जिले के ढीमरखेड़ा ब्लॉक अंतर्गत आदिवासी बाहुल्य ग्राम कोठी में एक बेहद दुखद हादसा सामने आया है। तीजा त्योहार मनाने अपने नाना के घर आई 10 वर्षीय मासूम बच्ची की मोरी नदी में नहाने के दौरान डूबने से दर्दनाक मौत हो गई।

ये भी पढ़ें: मरीज को ले जा रही 108 एंबुलेंस डिवाइडर से टकराकर पलटी! हादसे के बाद चालक फरार, राहगीरों ने बचाई जान

तीजा त्योहार मनाने आई थी मासूम

जानकारी के अनुसार, बड़वारा थाना क्षेत्र के ग्राम जमुनिया निवासी कक्षा चौथी की छात्रा काजल उम्र 10 वर्ष तीजा त्योहार मनाने अपने नाना रामचंद्र मरावी के घर ग्राम कोठी आई हुई थी। दोपहर के समय बच्ची गांव के अन्य लोगों के साथ मोरी नदी में नहाने गई थी, जहां गहरे पानी में चले जाने से वह डूब गई और उसकी जान चली गई।

सरपंच ने बिजली विभाग को ठहराया जिम्मेदार

घटना को लेकर ग्राम पंचायत कोठी के सरपंच सीताराम बैगा ने विद्युत विभाग के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं। सरपंच का कहना है कि गांव में सुबह से ही बिजली सप्लाई पूरी तरह बंद थी, जिससे ग्रामीण काफी परेशान थे। बिजली न होने के कारण मजबूरी में लोगों को नहाने के लिए नदी जाना पड़ा। अगर गांव में बिजली होती तो लोग घरों में ही नहाते और यह दर्दनाक हादसा होने से बच जाता।

ये भी पढ़ें: महिला का हाई-वोल्टेज ड्रामा: डायल-112 वाहन की छत पर चढ़कर किया हंगामा, बस का कांच भी फोड़ा

पुलिस ने दर्ज किया मर्ग, जांच शुरू

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उमरियापान भिजवा दिया है। ढीमरखेड़ा थाना प्रभारी महिमा रघुवंशी ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है और पुलिस घटना की विस्तृत जांच कर रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m