अनूप दुबे, कटनी। एक माता-पिता के लिए उसकी बेटी की शादी जिंदगी का सबसे बड़ा सपना और जिम्मेदारी होती है। पाई-पाई जोड़कर परिवार इस कोशिश में रहता है कि बेटी की डोली सम्मान से उठ सके। कटनी जिले के ढीमरखेड़ा थाना क्षेत्र के खमरिया गांव में एक बेबस मां के इन आंसुओं और अरमानों को चोरों ने तो लूटा ही साथ ही हमारी मुस्तैद पुलिस ने भी दो महीनों तक इस पर लापरवाही की ऐसी चादर ओढ़ी की पीड़ित परिवार अब न्याय के लिए दर-दर भटकने को मजबूर है।
चोरी की वारदत को हुए दो मीहने का समय बीत चुका है लेकिन अब भी ढीमरखेड़ा पुलिस और सिलौंडी चौकी चोरों का सुराग नहीं लगा पायी। जिससे आहत और लाचार पीड़िता ने एडिशनल एसपी के सामने रोते हे न्याय की गुहार लगाई है।
ये भी पढ़ें: आगर मालवा में ‘चेंबर ड्रामा’: डेढ़ घंटे तक नहीं मिला कलेक्टर का ‘अपॉइंटमेंट’, नाराज नेताओं ने गेट पर ही चिपका दिया अपना ‘लेटर पैड’
सूने घर को निशाना बना ले गए बेटी की ‘शादी की पूंजी’
दिल को झकझोर देने वाला यह मामला खमरिया गांव का है। यहां रहने वाली मन्ना बाई करीब दो महीने पहले दोपहर के वक्त किसी काम से बाहर गई थीं और उनके पति हमेशा की तरह बकरी चराने गए थे। घर पर ताला लटका था। इसी बीच घात लगाए बैठे चोरों ने घर का ताला तोड़ा और अंदर रखे सोने-चांदी के जेवर सहित 40 हजार रुपये नगद पार कर दिए।
चोरी गए इन जेवरों में बेटी की शादी के लिए पाई-पाई जोड़कर बनाए गए सोने के झुमके, सोने का हार, चांदी का डोरा, पायल, कंगन, चूड़ियां और बिछिया शामिल थे। जब पति घर लौटा और टूटा हुआ ताला देखा तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। बेटी के हाथ पीले करने का जो सपना इस गरीब परिवार ने देखा था, वह पल भर में बिखर गया।
पुलिस की ‘कछुआ चाल’: 60 दिन बाद भी हाथ खाली!
लापरवाही का आलम देखिए कि घटना के तुरंत बाद पीड़ित परिवार ने सिलौंडी पुलिस चौकी और ढीमरखेड़ा थाने के चक्कर काटे, रिपोर्ट दर्ज कराई। पीड़िता ने आवेदन में उन संदिग्धों के नाम भी बताए, जिनका घर में आना-जाना था और जिन्हें पता था कि बेटी की शादी के लिए घर में जेवर और कैश रखा है। लेकिन साहिब! पुलिस को शायद इस गरीब के आंसुओं की कोई परवाह नहीं थी। दो महीने यानी पूरे 60 दिन बीत गए लेकिन पुलिस आरोपियों की परछाई तक नहीं छू सकी।
ये भी पढ़ें: सोशल मीडिया की दोस्ती पड़ी भारी! होटल बुलाकर नाबालिग से दुष्कर्म, जान से मारने की दी धमकी
एडिशनल एसपी से लगाई न्याय की गुहार, मिला सिर्फ आश्वासन
थक-हारकर पीड़िता मन्ना बाई ने अब जिले के वरिष्ठ अधिकारियों का दरवाजा खटखटाया है। उन्होंने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एडिशनल एसपी) कमल मौर्य को अपनी आपबीती सुनाई और निष्पक्ष जांच की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एडिशनल एसपी कमल मौर्य ने पीड़िता को ढांढस बंधाया और मामले की जांच कराकर जल्द से जल्द चोरी का खुलासा करने का आश्वासन दिया है।

