अनूप दुबे, कटनी (ढीमरखेड़ा)। कटनी जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी स्कूलों की हालत जर्जर है। कई ग्रामों के विद्यालय में बच्चे टपकती छत के नीचे डर के साए में पढ़ाई करने को मजबूर हैं। इससे जुड़ा ताजा मामला पाली गांव की माध्यमिक शाला की सरकारी स्कूल से सामने आया है जहां टपकती छत और प्रसाधन की समस्या से जूझ रहे स्कूली बच्चों ने स्कूल भवन की समस्या का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

वीडियो वायरल होते ही शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया। बच्चों ने शासन-प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। इस मामले में शिक्षा विभाग जुड़े लोगों का मानना है कि स्कूली टाइम पर बच्चों को मोबाइल प्रतिबंधित रहता है। इसके बाद बच्चों को मोबाइल कैसे उपलब्ध हुआ ? जो भी समस्याएं थी वह शिक्षकों के माध्यम से अधिकारियों के पास आनी थी, लेकिन ऐसा न होकर उल्टा बच्चों ने वीडियो बनाकर मामले में शासन प्रशासन तक अपनी बात पहुंचाई है।

वीडियो में एक छात्रा स्कूल के अंदर झाड़ू लगाते भी नजर आ रही है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या उस समय स्कूल में कोई भी शिक्षक मौजूद नहीं था या फिर शिक्षक ही बच्चों से वीडियो बनवा रहे थे? इस संबंध में बी आर सी प्रेम कोरी से चर्चा की गई तो उन्होंने बताया कि वीडियो के संबंध में जानकारी नहीं है। मामले में जन शिक्षक को जांच के आदेश दिए गए हैं। जन शिक्षक की जांच रिपोर्ट में जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m