अनूप दुबे, ​कटनी। मध्य प्रदेश के कटनी शहर में सोमवार रात दुग्ध व्यवसायी और भाजपा कार्यकर्ता के पिता पर बेखौफ बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया। धारदार हथियार से किए गए हमले में व्यवसायी गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं बदमाश उनके गले से सोने की चेन लूटकर फरार हो गए। इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए है।

घात लगाए बैठा था हमलावर

मिली जानकारी के अनुसार, सुक्खन चौक स्थित श्री दुग्ध डेयरी के संचालक और भारतीय जनता युवा मोर्चा कार्यकर्ता अंश तोमर के पिता किशोर तोमर प्रतिदिन की तरह सोमवार रात जालपा मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे। जब वे शेर चौक वाली गली से गुजर रहे थे, तो पहले से घात लगाए बैठे एक अज्ञात बदमाश ने उन पर अचानक धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। ​जिसमें किशोर तोमर गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके का फायदा उठाकर बदमाश उनके गले में पड़ी सोने की चेन झपटकर फरार हो गया।

स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल

​वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए घायल किशोर तोमर को शहर के निजी अस्पताल एमजीएम (MGM) में दाखिल कराया, जहां उनका प्राथमिक उपचार जारी है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत पर नजर रखी जा रही है।

​सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

​घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने पीड़ित का बयान दर्ज कर लिया है और अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला पंजीबद्ध कर उसकी सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है। घटनास्थल और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m