अनूप दुबे, कटनी। जिले से प्रदूषण और मानव स्वास्थ्य से खिलवाड़ का एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। बड़वारा विधानसभा क्षेत्र में पुराने टायरों को जलाकर अवैध रूप से तेल निकालने वाली 12 कंपनियों के खिलाफ स्थानीय विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह ने मोर्चा खोल दिया है। विधायक ने इस गंभीर समस्या को लेकर सीधे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात की और इन कंपनियों के खिलाफ तत्काल कड़ी कानूनी कार्रवाई करने के लिए पत्र सौंपा है।

ये भी पढ़ें: साइकिल पॉलिटिक्स: जीतू पटवारी ने BJP को बताया ‘अलीबाबा 40 चोर’ की सरकार, राम मंदिर और महाकाल लोक पर घेरा

दर्जनभर गांवों में फैला जहर, सांस लेना मुश्किल

जानकारी के मुताबिक बड़वारा क्षेत्र में संचालित इन 12 फैक्ट्रियों में चौबीसों घंटे पुराने टायरों को जलाया जाता है, जिससे निकलने वाला गाढ़ा काला धुआं और असहनीय दुर्गंध अब आसपास के एक दर्जन से अधिक गांवों के लिए अभिशाप बन चुकी है।

स्थानीय ग्रामीणों में सांस लेने में तकलीफ, आंखों में जलन और त्वचा संबंधी बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं। तो वहीं फैक्ट्रियों से निकलने वाले प्रदूषण और धुएं का सीधा असर फसलों और कृषि भूमि पर भी पड़ रहा है, जिससे किसानों की चिंता दोगुनी हो गई है।

“राजस्थान से भगाई हुई कंपनियां MP में कैसे आईं?”

मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद बड़वारा विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह ने इस पूरे नेक्सस पर बड़े सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि यह सभी 12 कंपनियां मूल रूप से राजस्थान की हैं, जिन्हें प्रदूषण फैलाने के कारण वहां से भगाया गया था। अब बड़ा सवाल यह है कि राजस्थान की ब्लैकलिस्टेड कंपनियों को हमारे मध्य प्रदेश के कटनी में काम करने की अनुमति किसने और कैसे दे दी? यह स्थानीय जनता के स्वास्थ्य और पर्यावरण के साथ सीधे तौर पर खिलवाड़ है।

ये भी पढ़ें: ‘ड्राय स्टेट’ गुजरात के लिए निकला था करोड़ों का सीक्रेट पार्सल, आधी रात पुलिस की कार्रवाई से मचा हड़कंप!

कलेक्टर ने गठित किया विशेष दल, जल्द शुरू होगी जांच

विधायक की मुस्तैदी और मुख्यमंत्री के कड़े रुख के बाद स्थानीय प्रशासन भी तुरंत एक्शन मोड में आ गया है। कटनी कलेक्टर ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एक विशेष जांच दल का गठन कर दिया है। इस दल को तत्काल मौके पर जाकर प्रदूषण के स्तर, नियमों के उल्लंघन और इन कंपनियों के दस्तावेजों की बारीकी से जांच करने के निर्देश दिए गए हैं।


Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m