अनूप दुबे, कटनी (ढीमरखेड़ा)। मध्य प्रदेश के कटनी से बेहद शर्मनाक मामला सामने आया है। जहां मिड डे मील के दौरान छोटे बच्चों से प्लेट धुलवाई गई। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पूरा मामला ढीमरखेड़ा आदिवासी अंचल में बसे ग्राम कोठी के सेहरा टोला का है।
दरअसल, सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें बच्चे मिड डे मील से पहले थालियां धोते हुए नजर आ रहे हैं। इस दौरान आंगनवाड़ी कार्यकर्ता की पोशाक में एक महिला भी नजर आ रही है। वीडियो में गांव की महिला ने यह कहा कि गांव में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता आती है। सहायिका न आने की वजह से बच्चों को केंद्र में बर्तन धोने पड़ते हैं।
यह भी पढ़ें: नगरपालिका में मिडनाइट स्कैम: लग्जरी गाड़ी से आए अधिकारी-कर्मचारी, रात के अंधेरे में पार किए सरकारी दस्तावेज
इस संबंध में परियोजना अधिकारी आरती यादव ने बताया कि वीडियो में नजर आ रहे बच्चे आंगनबाड़ी के नहीं,स्कूली हैं। बच्चे बर्तन क्यों धो रहे हैं इस बात की जानकारी ली जाएगी।
वहीं इस मामले में बी आर सी प्रेम कोरी ने बताया कि 1 मई से 15 जून तक स्कूलों की छुट्टी है। जिसकी वजह से बच्चों को मिड डे मिल भी नहीं मिल रहा है। सेहरा टोला में बच्चे बर्तन कैसे धो रहे हैं इस मामले की जानकारी ली जाएगी।
यह भी पढ़ें: प्री-वेडिंग शूट, बर्थडे पार्टी और किटी… खाली दौड़ रही मेट्रो में होंगे जश्न और शूटिंग, नुकसान की भरपाई के लिए नया प्लान! जानिए किराया
आपको बता दें कि यह वही गांव है जहां सरकारी स्कूल में पानी की व्यवस्था न होने के कारण बच्चों का हैंडपंप से पानी भरने का मामला सामने आया था। साथ ही कुछ दिनों पहले एक वीडियो भी वायरल हुआ था जिसमें बच्चों के साथ बकरियां खाना खाती नजर आई थीं। इसके बाद आंगनबाड़ी केंद्र भवन निर्माण और नियुक्ति में गड़बड़ी के विरोध में तकरीबन 10 दिनों तक आंगनबाड़ी केंद्र में तालाबंदी कर आदिवासी महिलाएं विरोध प्रदर्शन कर रही थी। आदिवासी ग्रामीणों ने महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया से मामले में जांच की मांग की हैं।

