अनूप दुबे, कटनी (ढीमरखेड़ा)। मध्य प्रदेश के कटनी में शुक्रवार उस वक्त हड़कंप मच गया जब ढीमरखेड़ा के मुरवारी में स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की ब्रांच में सायरन बजने लगा। चोरी की आशंका के चलते कुछ ही देर बाद कटनी कंट्रोल रूम में दिल्ली से फोन घनघनाने लगे। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस ने भी मुस्तैदी दिखाई और फौरन बैंक पहुंच गई लेकिन अंदर का नजारा देख वह भी हैरान रह गई। 

दरअसल, सेंट्रल बैंक में देर शाम अचानक सायरन (बीप) बजने शुरू हो गए। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी महिमा रघुवंशी ने तत्काल कांबिंग गश्त में तैनात पुलिस बल को मौके पर रवाना किया।

सिर्फ 7 मिनट में सहायक उप निरीक्षक विजेंद्र तिवारी और प्रधान आरक्षक सुब्चन यादव बैंक पहुंचे और आसपास के ग्रामीणों के सहयोग से बैंक के सभी ताले और परिसर की गहन जांच की। इस दौरान बैंक सुरक्षित पाया गया, किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि नहीं मिली। असल में बैंक सुरक्षा में लापरवाही पाई गई जिसके बाद अधिकारियों को खैरियत होने की रिपोर्ट भेजी गई।

मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने बताया कि बैंक में पहले में भी कई बार तकनीकी कारणों से सायरन (बीप) बजने की घटनाएं हो चुकी हैं। बैंक का कोई कर्मचारी मौके पर उपस्थित नहीं हो सका और न ही रात में लाइट के लिए  बैंक में बिजली की पर्याप्त व्यवस्था थी। इसके बाद पुलिस ने बैंक के मुख्यालय, दिल्ली से संपर्क कर जानकारी ली। मुख्यालय से पुष्टि की गई कि बैंक में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई है, सायरन तकनीकी कारणों से सक्रिय हुआ था।

ढीमरखेड़ा पुलिस की त्वरित एवं सतर्क कार्रवाई से संभावित अफवाहों पर तत्काल विराम लगा तथा ग्रामीणों में व्याप्त आशंका दूर हुई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों के पालन में कटनी पुलिस लगातार रात्रि गश्त एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी तरह सजग है, जिससे क्षेत्र में कानून-व्यवस्था एवं आमजन का विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m