प्रभाकर सिंह, कटनी। मध्य प्रदेश के कटनी जिले से साइबर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है। विजयराघवगढ़ से भाजपा विधायक संजय सत्येंद्र पाठक की पारिवारिक कंपनी ‘मैसर्स रामचंद्र फर्म’ के साथ साइबर ठगों ने डेढ़ करोड़ रुपये की बड़ी धोखाधड़ी की है। शातिरों ने कंपनी के सीनियर डायरेक्टर के मोबाइल नंबर का क्लोन या फर्जी इस्तेमाल कर अकाउंटेंट को व्हाट्सएप पर मैसेज भेजा और रकम ट्रांसफर करवा ली। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

व्हाट्सएप मैसेज से जाल में फंसाया

जानकारी के अनुसार, साइबर ठगों ने मैसर्स रामचंद्र फर्म के सीनियर डायरेक्टर के आधिकारिक मोबाइल नंबर का इस्तेमाल कर कंपनी के अकाउंटेंट शैलेश तिवारी को एक व्हाट्सएप मैसेज भेजा। इस मैसेज में बेहद जरूरी काम का हवाला देते हुए तत्काल 1.5 करोड़ रुपये एक अज्ञात बैंक खाते में ट्रांसफर करने के निर्देश दिए गए थे। सीनियर डायरेक्टर का नंबर और डीपी देखकर अकाउंटेंट ने बिना किसी संदेह के तुरंत बताई गई रकम खाते में ट्रांसफर कर दी।

कोलकाता से निकाली गई ठगी की रकम

रकम ट्रांसफर होने के कुछ समय बाद जब कंपनी में इस लेन-देन पर चर्चा हुई, तब ठगी का खुलासा हुआ। पता चला कि डायरेक्टर की ओर से ऐसा कोई मैसेज भेजा ही नहीं गया था। शुरुआती जांच में सामने आया है कि ठगी की रकम पश्चिम बंगाल के कोलकाता स्थित एक बैंक से निकाली गई है।

थाने में मामला दर्ज, बैंक खाता होल्ड

ठगी का अहसास होते ही कंपनी प्रबंधन की ओर से कटनी के रंगनाथ नगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। मामला हाई प्रोफाइल और विधायक की कंपनी से जुड़ा होने के कारण कटनी पुलिस बेहद गंभीरता से जांच में जुट गई है। पुलिस की साइबर सेल टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उस संबंधित बैंक खाते को होल्ड करवा दिया है, जिसमें पैसे ट्रांसफर किए गए थे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि साइबर सेल की मदद से ठगों के डिजिटल फुटप्रिंट्स को ट्रैक किया जा रहा है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m