कौशांबी में विश्वकर्मा पूजा के दिन गंगा स्नान करने गई 11 वर्षीय छात्रा नेहा गहरे पानी में डूब गई, जिससे उसकी मौत हो गई. ग्रामीणों ने उसे बाहर निकाला, जिसके बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
कौशांबी. विश्वकर्मा पूजा और स्कूल की छुट्टी के दिन गंगा स्नान करने गई 11 वर्षीय छात्रा की डूबने से मौत हो गई. घटना गुरुवार सुबह कोखराज थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत तरसौरा के मजरा बाबू का पुरवा (फरीदपुर परसखी) स्थित गंगा घाट की है. छात्रा की पहचान लवकुश पटेल की बेटी नेहा के रूप में हुई है, जो कंपोजिट विद्यालय सुखऊ का पूरा में कक्षा छह में पढ़ती थी.
गहरे पानी में गई छात्रा
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार को विश्वकर्मा पूजा के चलते स्कूल बंद था. सुबह करीब 10 बजे नेहा गांव के अन्य बच्चों के साथ गंगा घाट पर पहुंची थी. नहाते समय वह अचानक गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी.
नेहा को डूबता देखकर उसके साथ मौजूद अंजली, काजल, सोनी देवी, ढोंनगू और रागिनी ने शोर मचाना शुरू कर दिया. बच्चों की आवाज सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण घाट की ओर पहुंचे.
युवक ने नदी में लगाई छलांग
गांव के ही युवक रोहित ने बिना देर किए गहरे पानी में छलांग लगा दी और नेहा की तलाश शुरू की. काफी प्रयास के बाद उसने नेहा को अचेत अवस्था में पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी.
ग्रामीण पवन कुमार ने बताया कि बच्चे गंगा किनारे नहाने गए थे. नेहा अचानक गहरे पानी में चली गई और बाकी बच्चों के शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे.
पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
पवन कुमार के मुताबिक, रोहित ने नदी में उतरकर नेहा को बाहर निकाला, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी. नेहा के परिवार की आर्थिक स्थिति भी बेहद कमजोर बताई गई है.
छात्रा का शव घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया. मां और पिता का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है.
कोखराज थाना इंस्पेक्टर संतोष शर्मा ने बताया कि छात्रा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.



