प्रदीप गुप्ता, कवर्धा। जिले के तरेगांव जंगल थाना क्षेत्र में सराफा व्यापारी से हुई लूट के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वारदात के 48 घंटे के भीतर पुलिस ने आरोपियों तक पहुंचकर उनके कब्जे से करीब 11.9 किलोग्राम चांदी के जेवरात बरामद किए हैं। इसके अलावा लूट में इस्तेमाल की गई बजाज पल्सर बाइक और 1500 रुपए नकद भी जब्त किए गए हैं। मामले में शामिल दो अन्य आरोपी अब भी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, घटना 27 अक्टूबर की है। पांडातराई निवासी सराफा व्यापारी वेदप्रकाश सोनी मछरीरेवार मंदिर घाटी के पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार आरोपियों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने डंडे से मारपीट कर उनके पास रखे कीमती जेवरात लूट लिए और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद व्यापारी की शिकायत पर तरेगांव जंगल थाने में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
100 से ज्यादा CCTV फुटेज खंगाले, 24 गांवों में पूछताछ
लूट की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव के निर्देशन में आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीम बनाई गई। टीम ने वारदात स्थल और आसपास के रास्तों पर लगे 100 से ज्यादा CCTV कैमरों के फुटेज की जांच की। इसके साथ ही 24 गांवों में 500 से अधिक लोगों से पूछताछ की गई।

जांच के दौरान मिले तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने सबसे पहले निखिल कुर्रे को ग्राम बिरकोना के पास से पकड़ा। उससे पूछताछ के बाद संजय भास्कर और सचिन पात्रे को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
रेकी के बाद दिया था वारदात को अंजाम
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने व्यापारी की पहले रेकी करने और फिर लूट की योजना बनाकर वारदात को अंजाम देने की बात बताई। लूट के बाद सभी ने जेवरात आपस में बांट लिए थे और पकड़े जाने से बचने के लिए उन्हें अलग-अलग जगहों पर छिपा दिया था।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर करीब 11.9 किलोग्राम चांदी के जेवरात, एक बजाज पल्सर बाइक और 1500 रुपए नकद बरामद किए हैं। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। वहीं, वारदात में शामिल दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तलाश जारी है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

