सिमडेगा। झारखंड के सिमडेगा जिले के बड़की छापर की रहने वाली रेशमा लकड़ा ने लोकप्रिय टीवी क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ (KBC) के 31वें एपिसोड में शामिल होकर जिले का नाम देशभर में रोशन किया। वर्तमान में शहर के ठाकुरटोली में रहने वाली रेशमा का शो में नोएडा के प्रशांत कुमार से मुकाबला हुआ। प्रशांत कुमार ने बाजी जीतकर हॉट सीट पर जगह बनाई। हालांकि, रेशमा ने अपने आत्मविश्वास और बेबाक अंदाज से दर्शकों का ध्यान अपनी ओर खींचा।
‘सिमडेगा की मैं छोरी हूं, सब पर भारी पड़ूंगी’
केबीसी के मंच पर अपना परिचय देते हुए रेशमा ने कहा, “सिमडेगा की मैं छोरी हूं, सब पर भारी पड़ूंगी।” उनके इस आत्मविश्वास भरे अंदाज ने शो के दर्शकों को खूब प्रभावित किया।
शो के होस्ट अमिताभ बच्चन ने जब रेशमा से पूछा कि सिमडेगा कहां है, तो उन्होंने जिले की पहचान और खासियत के बारे में विस्तार से बताया। रेशमा ने कहा कि सिमडेगा झारखंड का छोटा और आदिवासी बहुल जिला है। उन्होंने बताया कि बड़की छापर गांव को हॉकी की नर्सरी के रूप में जाना जाता है।
सलीमा टेटे का किया खास जिक्र
रेशमा ने बातचीत के दौरान भारतीय हॉकी खिलाड़ी सलीमा टेटे का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि सलीमा टेटे भी बड़की छापर गांव की रहने वाली हैं और वह खुद भी इसी गांव से ताल्लुक रखती हैं। सलीमा का नाम सुनते ही दर्शकों ने तालियों के साथ उनका स्वागत किया।
रेशमा वर्तमान में सामाजिक वानिकी विभाग में प्रधान वनरक्षी के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने संत जोंस स्कूल, फरसाबेड़ा से पढ़ाई की और सिमडेगा कॉलेज से अंग्रेजी ऑनर्स की पढ़ाई पूरी की।
ऑडिशन से KBC के मंच तक पहुंचीं रेशमा
रेशमा के मुताबिक, केबीसी के लिए चयन के बाद 20 मई को लखनऊ में ऑडिशन हुआ था। वहां उनसे 20 सवाल पूछे गए। इसके बाद रक्षाबंधन के दिन उन्हें चयन की जानकारी मिली। वह अपने पति गौरव बेक के साथ 9 सितंबर को मुंबई पहुंचीं और 10 व 12 सितंबर को केबीसी के कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
केबीसी के मंच पर रेशमा ने सिमडेगा की हॉकी और आदिवासी-सांस्कृतिक पहचान को जिस आत्मविश्वास के साथ सामने रखा, उससे जिले में खुशी का माहौल है। उनके जरिए सिमडेगा की हॉकी परंपरा और यहां की प्रतिभा को देश के बड़े मंच पर पहचान मिली है।


