CJP Protest: दिल्ली में छात्रों के प्रदर्शन के बाद हुई पुलिस कार्रवाई और दर्ज FIR के बीच आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक एवं पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने प्रदर्शन में शामिल छात्रों के लिए कानूनी और चिकित्सीय सहायता देने का ऐलान किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो जारी कर कहा कि जरूरतमंद छात्रों को पार्टी की ओर से हरसंभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी। अरविंद केजरीवाल ने कहा, “कल बच्चों के साथ हुई बर्बरता बेहद शर्मनाक है। अगर किसी भी बच्चे को किसी भी तरह की लीगल या मेडिकल हेल्प की जरूरत है, तो इस हेल्पलाइन नंबर पर मैसेज करें। हम आपके लिए लीगल टीम उपलब्ध करवाएंगे।”
उन्होंने छात्रों के लिए हेल्पलाइन नंबर 85-888-33548 जारी करते हुए कहा कि जो भी छात्र कानूनी सलाह, अदालत से जुड़ी मदद या इलाज की जरूरत महसूस कर रहे हैं, वे इस नंबर पर संपर्क कर सकते हैं। पूर्व मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा, “हम सब एक हैं। आप सब हमारे बच्चे हो। आप बिल्कुल घबराना मत, हम आपके साथ खड़े हैं। ये लड़ाई हम मिलकर लड़ेंगे।” अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस पर निशाना साधा है। प्रेस वार्ता में उन्होंने दावा किया कि छात्रों के साथ हुई कार्रवाई अभूतपूर्व और बेहद चिंताजनक है।
केजरीवाल ने कहा, “मुझे लगता है कि इतिहास में ऐसी घटना कभी नहीं देखी गई। सोशल मीडिया पर बहुत सारे वीडियो घूम रहे हैं। कई वीडियो ऐसे हैं, जिनमें छात्र पुलिस से गुहार लगा रहे हैं। कई वीडियो में युवतियां पुलिस के सामने हाथ जोड़कर विनती कर रही हैं, फिर भी पुलिस उन्हें पीट रही है।” उन्होंने आगे कहा कि सोशल मीडिया पर ऐसे भी वीडियो सामने आए हैं, जिनमें कथित तौर पर बिना किसी उकसावे के निहत्थे छात्रों पर लाठीचार्ज किया जा रहा है। उनके अनुसार, “मैंने एक वीडियो देखा, जिसमें दो-तीन पुलिसकर्मी खड़े थे और जैसे ही छात्र वहां से गुज़रे, उन्होंने हर एक को लाठियों से मारा। छात्र कुछ नहीं कर रहे थे, वे किसी पर हमला नहीं कर रहे थे। फिर भी वहां से गुजरने वाले हर छात्र को पीटा गया।”
केजरीवाल- धमकियों से मत डरिए, हम आपके साथ हैं
अरविंद केजरीवाल ने छात्रों और उनके परिवारों को भरोसा दिलाया कि वे उनके साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद छात्रों की सहायता के लिए कानूनी टीम का गठन किया गया है और किसी भी तरह की धमकी से घबराने की आवश्यकता नहीं है।प्रेस वार्ता में केजरीवाल ने कहा, “बच्चे किसी पर कोई हमला नहीं कर रहे थे, मगर पुलिस उन पर लाठियां चला रही थी। आज तक हमने इस तरह का अत्याचार नहीं देखा। मैं देश के बच्चों और उनके माता-पिता से कहना चाहता हूं कि बिल्कुल परेशान न हों। हम सभी एक साथ हैं। यह पूरा देश एक परिवार है और किसी को भी तानाशाहों से डरने की जरूरत नहीं है।”
उन्होंने आगे कहा कि छात्रों की मदद के लिए पार्टी ने एक लीगल टीम बनाई है, जो जरूरत पड़ने पर कानूनी सहायता उपलब्ध कराएगी। उन्होंने कहा, “हम बच्चों के साथ खड़े हैं। किसी की धमकी से डरने की जरूरत नहीं है।” प्रेस वार्ता के बाद अरविंद केजरीवाल दिल्ली स्थित राम मनोहर लोहिया (RML) अस्पताल पहुंचे, जहां प्रदर्शन के दौरान घायल हुए छात्रों को भर्ती कराया गया है। उन्होंने अस्पताल में भर्ती छात्रों से मुलाकात की, उनका हालचाल जाना और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
केजरीवाल का केंद्र सरकार पर हमला
अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला। प्रेस वार्ता में उन्होंने प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज मामलों और पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए। केजरीवाल ने दावा किया कि प्रदर्शन में शामिल छात्रों पर लगाए जा रहे आरोप गलत हैं। उन्होंने कहा, “ये बच्चे सिर्फ इतना मांग रहे हैं कि पेपर लीक बंद हो।” उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार छात्रों की मांगों का समाधान करने के बजाय उनके खिलाफ कार्रवाई कर रही है। प्रेस वार्ता के दौरान केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ भी तीखी टिप्पणी की। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शनकारियों को “एंटी नेशनल” और “आतंकवादी” कहे जाने का विरोध करते हुए प्रधानमंत्री पर गंभीर आरोप लगाए। (ये केजरीवाल के राजनीतिक आरोप हैं, जिन पर केंद्र सरकार या प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।)
केजरीवाल ने आगे आरोप लगाया कि यदि बार-बार पेपर लीक की घटनाएं हो रही हैं, तो सरकार को इसकी जिम्मेदारी लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि या तो सरकार इस पर नियंत्रण करने में असमर्थ है या फिर इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने पुलिस कार्रवाई पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर ऐसे वीडियो सामने आए हैं, जिनमें कथित तौर पर पुलिसकर्मी प्रदर्शनकारियों पर बल प्रयोग करते दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि कुछ वीडियो में पुलिसकर्मी अपनी ही गाड़ियों को नुकसान पहुंचाते और सादे कपड़ों में लाठीचार्ज करते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, इन वीडियो और दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
प्रेस वार्ता में केजरीवाल ने कहा, “मुझे लगता है कि इतिहास में ऐसी घटना कभी नहीं देखी गई। सोशल मीडिया पर बहुत सारे वीडियो घूम रहे हैं। कई वीडियो ऐसे हैं, जिनमें छात्र पुलिस से गुहार लगा रहे हैं। कई वीडियो में लड़कियां पुलिस के सामने हाथ जोड़कर विनती कर रही हैं, फिर भी पुलिस उन्हें पीटती रहती है।”उन्होंने आगे दावा किया कि सोशल मीडिया पर ऐसे भी वीडियो मौजूद हैं, जिनमें बिना किसी उकसावे के निहत्थे छात्रों पर लाठीचार्ज किया गया। केजरीवाल ने कहा, “मैंने एक वीडियो देखा, जिसमें दो-तीन पुलिसकर्मी खड़े थे और जैसे ही छात्र वहां से गुजरे, उन्होंने हर एक को लाठियों से मारा। छात्र कुछ नहीं कर रहे थे, वे किसी पर हमला नहीं कर रहे थे। फिर भी वहां से गुजरने वाले हर छात्र को पीटा गया।”
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


