डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने शुक्रवार को कानपुर में 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की तीसरी बार सरकार बनने का दावा किया. उन्होंने सपा के पीडीए, विपक्षी दलों और मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण अभियान को लेकर अपनी बात रखी.
कानपुर. उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य शुक्रवार को विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने कानपुर पहुंचे. पुलिस लाइन में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा की जीत का दावा किया और समाजवादी पार्टी समेत विपक्षी दलों पर निशाना साधा.
सपा के पीडीए पर हमला
केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी के पीडीए को ‘परिवार डेवलपमेंट एजेंसी’ बताया. उन्होंने आरोप लगाया कि सपा का यह नारा दिखावा है और इसके जरिए अपराधियों, माफियाओं तथा दंगाइयों को संरक्षण देने की कोशिश की जाती है.

उन्होंने विपक्षी दलों पर हिंदू समाज को बांटकर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश करने का आरोप लगाया. मौर्य ने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा उत्तर प्रदेश में लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी और दावा किया कि समाजवादी पार्टी वर्ष 2047 तक भी सत्ता में वापस नहीं आएगी.
मतदाता सूची पर समर्थन
मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण अभियान को लेकर उपमुख्यमंत्री ने इसे निष्पक्ष चुनाव के लिए जरूरी कदम बताया. उन्होंने दावा किया कि पुरानी सरकारों की तुष्टीकरण की नीति के कारण अपात्र लोगों के नाम मतदाता सूची में शामिल हुए थे और मौजूदा प्रक्रिया में ऐसे नामों को हटाया जा रहा है.
मौर्य ने कहा कि इसी कार्रवाई को लेकर कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों को परेशानी हो रही है. उन्होंने निष्पक्ष चुनाव के लिए सही और पारदर्शी मतदाता सूची तैयार करने को प्राथमिकता बताया.
2024 के चुनाव का जिक्र
उपमुख्यमंत्री ने 2024 के लोकसभा चुनाव का जिक्र करते हुए दावा किया कि विपक्षी दलों ने अफवाह और दुष्प्रचार के जरिए कुछ सीटों पर लाभ हासिल किया था. उन्होंने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में इसका असर नहीं दिखेगा.

उन्होंने विपक्षी एकजुटता पर भी टिप्पणी की और कहा कि विपक्ष की परेशानी यह है कि एक गरीब परिवार का बेटा तीसरी बार देश का प्रधानमंत्री कैसे बना. मौर्य ने कहा कि समाजवादी पार्टी की ‘साइकिल’ को जनता पहले ही पंक्चर कर चुकी है और 2047 तक विकसित भारत बनने के दौरान देश में कांग्रेस तथा उत्तर प्रदेश में सपा की वापसी नहीं होगी.
कानून व्यवस्था पर दावा
कानून-व्यवस्था का जिक्र करते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में कानपुर में एक भी दंगा नहीं हुआ. उन्होंने दावा किया कि बड़े अपराधी और माफिया या तो जेल में हैं या उत्तर प्रदेश छोड़कर चले गए हैं.
उपमुख्यमंत्री ने पार्टी कार्यकर्ताओं से 2017 का प्रदर्शन दोहराने के लिए काम करने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ हर वंचित व्यक्ति तक पहुंचाना कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है, जिससे विपक्ष के कथित गलत प्रचार का जवाब दिया जा सके.

