पुणे के बहुचर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड में पुलिस ने अपनी जांच को आगे बढ़ाते वारदात का सीन रीक्रिएट कर पूरी कहानी समझने की कोशिश की. इसी सिलसिले में आज रविवार की सुबह करीब साढ़े छह बजे पुणे ग्रामीण पुलिस सिया गोयल को लोहागढ़ किले पर लेकर पहुंची. यही वो जगह है, जहां 18 जून को रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल की हत्या हुई थी.

पुलिस ने यहां सीन रीक्रिएट कराया. यानी आरोपी से यह दिखवाया गया कि उस दिन क्या हुआ था, कौन कहां खड़ा था और आखिर केतन अग्रवाल खाई में कैसे गिरा. अधिकारियों के मुताबिक, पहले सिया गोयल को उस जगह ले जाया गया, जहां से कथित तौर पर उसने अपने प्रेमी चेतन चौधरी के साथ मिलकर केतन को धक्का दिया था.

हत्या से जुड़े सवालों को तलाशने की कोशिश

पुलिस का कहना है कि इस पूरी कवायद का मकसद आरोपियों के बयानों को घटनास्थल की परिस्थितियों से मिलाना है. यानी जो कहानी दोनों पूछताछ में बता रहे हैं, क्या वह जमीन पर भी वैसी ही दिखती है? क्या जिस जगह का जिक्र किया गया, वहां से धक्का देना संभव था? क्या घटनाक्रम उसी क्रम में हुआ, जैसा आरोपी बता रहे हैं? इन सवालों के जवाब तलाशे जा रहे हैं.

केतन नहीं चेतन से शादी करना चाहती थी सिया

इस केस में अब तक की जांच के मुताबिक, 20 साल की सिया गोयल की इंगेजमेंट पुणे के रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल से हुई थी. लेकिन पुलिस का दावा है कि सिया यह शादी नहीं करना चाहती थी. उसका 22 साल के चेतन चौधरी के साथ अफेयर चल रहा था. पुलिस का आरोप है कि दोनों ने मिलकर केतन को रास्ते से हटाने की साजिश रची.

पूछताछ में सिया ने कथित तौर पर पुलिस को बताया कि अगर वह इस तय हो चुकी अरेंज मैरिज से इनकार करती, तो परिवार की बदनामी होती. इसलिए दोनों ने कथित तौर पर एक ऐसा रास्ता चुना, जिसने पूरे मामले को हत्या में बदल दिया. पुलिस के मुताबिक, केतन को घूमने के बहाने लोहागढ़ किले पर बुलाया गया और वहां मौका देखकर उसे गहरी खाई में धक्का दे दिया गया.

क्या है पूरा मामला

18 जून को पुणे के 26 साल के रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल की लोहागढ़ किले से गिरकर मौत हो गई थी. शुरुआती तौर पर इसे हादसा माना गया, लेकिन पुलिस जांच में मामला कथित तौर पर साजिशन हत्या का निकला. पुलिस के अनुसार, केतन अपनी मंगेतर सिया गोयल के साथ किले पर घूमने गए थे, जबकि सिया का कथित प्रेमी चेतन चौधरी पहले से वहां मौजूद था.

आरोप है कि पहले से बनाई गई प्लानिंग के तहत सिया ने इशारा किया और चेतन ने पीछे से केतन को गहरी खाई में धक्का दे दिया. पूछताछ में मिले इनपुट और अन्य सबूतों के आधार पर पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार किया है. अब सीन रीक्रिएशन सहित तकनीकी व फॉरेंसिक जांच के जरिए पूरे घटनाक्रम की जांच चल रही है.

सर पर बाल नहीं होने और हकलाने से सिया को थी दिक्कत

पुलिस जांच में इस मामले से जुड़े कई नए दावे सामने आए हैं. जांचकर्ताओं के मुताबिक, पूछताछ के दौरान सिया गोयल ने कहा कि वह केतन अग्रवाल से शादी नहीं करना चाहती थी, क्योंकि केतन के सर पर बाल नहीं थे और वो हकलाता था. लेकिन अरेंज मैरिज का रिश्ता तोड़ने पर परिवार और समाज में बदनामी का भी उसे डर था. पुलिस का दावा है कि इसी वजह से सिया और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी ने केतन को रास्ते से हटाने की प्लानिंग की.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m