Bihar Police Encounter: बिहार में एक बार फिर से पुलिस और अपराधियों के बीच एनकाउंटर हुआ है। यह मुठभेड़ खगड़िया जिले के बेलदौर थाना क्षेत्र में हुई, जहां पुलिस ने सुखाय बासा गांव में एक कुख्यात अपराधी का हाफ एनकाउंटर किया है। मुठभेड़ में घायल अपराधी पर 50 हजार का इनाम घोषित था। पुलिस की इस कार्रवाई को लेकर इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा। बता दें कि इससे पहले किशनगंज में बीते गुरुवार देर रात हुई मुठभेड़ में कुख्यात अपराधी पवन कुमार उर्फ चिंटू को पुलिस ने घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया था।
टॉप टेन बदमाशों की सूची में था शामिल
मुठभेड़ में घायल बदमाश की पहचान मोहम्मद बुद्दीन के रूप में हुई है, जो जिले के टॉप टेन अपराधियों की सूची में भी शामिल था। दरअसल पुलिस को यह गुप्त सूचना मिली थी की मोहम्मद बुद्दीन सुखाय बासा गांव में छिपा हुआ है, जिसके बाद पुलिस और एसटीएफ की टीम ने इलाके की घेराबंदी करना शुरू कर दिया। इस बीच खुद को पुलिस से घिरता देख मोहम्मद बुद्दीन ने फायरिंग करना शुरू कर दिया। बदले में जवाबी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने भी गोली चलाई, जो उसके पैर में जा लगी।
एक पुलिसकर्मी भी हुआ घायल
गोली लगते ही मोहम्मद बुद्दीन घायल होकर गिर पड़ा, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार करते हुए इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस अभिरक्षा में उसका इलाज जारी है। पुलिस उससे पूछताछ कर उसके गिरोह और सप्लाई चैन को खंगालने में जुटी हुई है। इस मुठभेड़ में एक पुलिस कर्मी के घायल होने की भी खबर है।
एसपी राकेश कुमार का बयान
मुठभेड़ को लेकर एसपी राकेश कुमार ने बताया कि, पुलिस को यह गुप्त सूचना मिली थी की कुख्यात अपराधी मोहम्मद बुद्दीन अपने गांव सुखाय बासा आया हुआ है। जिसके बाद पुलिस और एसटीएफ की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करने के लिए उसके गांव पहुंची थी। उन्होंने बताया कि पुलिस को देखते ही उसने अपने सहयोगी के साथ मिलकर फायरिंग करना शुरू कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की।
इस दौरान पुलिस की गोली लगने से वह घायल हो गया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। हालांकि उसका सहयोगी मौके से फरार हो गया। जिसकी धरपकड़ के लिए छापेमारी जारी है। एसपी ने बताया कि मुठभेड़ में घायल मोहम्मद बुद्दीन जिले के टॉप टेन बदमाशों में शामिल था। उसके खिलाफ बेलदौर थाने में उसके खिलाफ 14 मामले दर्ज हैं।
सीएम ने पुलिस को दी है खुली छूट
गौरतलब है कि सम्राट चौधरी के सीएम बनने के बाद पुलिस ने कई अपराधियों का हॉफ और फुल एनकाउंटर किया है। पुलिस की इस कार्यशैली को लेकर विपक्ष सवाल भी उठा रहा है। हालांकि सीएम सम्राट चौधरी और एनडीए के नेता इसका समर्थन कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने पुलिस को खुली छूट दे रखी है। उनका कहना है कि घटना के 48 घंटे के अंदर अपराधियों को जवाब दिया जाएगा। सीएम सम्राट के इस खुली छूट के बाद पुलिस लगातार एक्शन मोड में दिख रही है।
ये भी पढ़ें- बिहार पुलिस होगी हाईटेक, थ्री नॉट थ्री की जगह अब पिस्टल और आधुनिक हथियारों से लैस होंगे जवान

