अमित पाण्डेय, खैरागढ़। जिले में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं ने व्यापारियों की चिंता बढ़ा दी है। ताजा मामला गंडई थाना क्षेत्र के नर्मदा चौक का है, जहां मंगलवार और बुधवार की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने एक के बाद एक चार दुकानों को निशाना बनाते हुए चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश दुकानों के ताले तोड़कर नकदी और अन्य सामान लेकर फरार हो गए। पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान में जुटी हुई है।

narayana

सुबह खुला मिला दुकानों का ताला

जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात रोज की तरह दुकानदार अपनी-अपनी दुकानें बंद कर घर चले गए थे। बुधवार सुबह जब वे दुकान खोलने पहुंचे तो चार दुकानों के ताले टूटे मिले। अंदर का सामान बिखरा पड़ा था और गल्ले में रखी नकदी सहित अन्य सामान गायब था। घटना की जानकारी मिलते ही नर्मदा चौक में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में व्यापारी मौके पर पहुंच गए।

चोरों ने गायत्री मेडिकल स्टोर, हीरा फैंसी स्टोर, तनु कृषि केंद्र और वर्षा कंप्यूटर सेंटर को निशाना बनाया। शुरुआती अनुमान के अनुसार चारों दुकानों से 30 हजार रुपये से अधिक की नकदी और अन्य सामान चोरी हुआ है। हालांकि वास्तविक नुकसान का आकलन दुकानदारों द्वारा किया जा रहा है, जिसके बाद ही कुल चोरी की रकम स्पष्ट हो सकेगी।

CCTV फुटेज में कैद हुई पूरी वारदात

इस मामले का सबसे अहम पहलू यह है कि चोरी की पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में दो से अधिक संदिग्ध युवक देर रात दुकानों के आसपास घूमते दिखाई दे रहे हैं। कुछ देर बाद वे एक-एक कर दुकानों के ताले तोड़ते नजर आते हैं।

फुटेज के आधार पर आशंका जताई जा रही है कि वारदात को किसी संगठित गिरोह ने अंजाम दिया है। बदमाशों ने सुनसान रात का फायदा उठाते हुए कुछ ही समय में लगातार चार दुकानों को निशाना बनाया और मौके से फरार हो गए।

व्यापारियों में आक्रोश, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

एक ही रात में चार दुकानों में चोरी की घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों में भारी नाराजगी है। उनका कहना है कि क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे कारोबारियों में असुरक्षा का माहौल बन गया है।

व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने, संवेदनशील इलाकों में निगरानी मजबूत करने और जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।

पुलिस ने शुरू की जांच, अन्य CCTV फुटेज भी खंगाल रही टीम

घटना की सूचना मिलते ही गंडई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में लेकर तकनीकी साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। संदिग्धों की पहचान के लिए आसपास लगे अन्य कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उपलब्ध फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द ही उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बीच एक ही रात में चार दुकानों को निशाना बनाया जाना पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर रहा है। अब स्थानीय व्यापारियों की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि पुलिस इन शातिर चोरों तक कितनी जल्दी पहुंच पाती है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H