इमरान खान, खंडवा। खंडवा में सावन महीने की शुरुआत जोरदार बारिश के साथ हुई। जिसने नगर निगम के दावों की पोल खोल दी। करीब दो घंटे तक हुई मूसलाधार बारिश के बाद शहर के कई इलाके जलमग्न हो गए। रेलवे स्टेशन के सामने, तीन पुलिया, कहारवाड़ी और घासपुरा क्षेत्र में सड़कों पर घुटनों तक पानी भर गया। हालात ऐसे बने कि घरों, दुकानों और स्कूल परिसरों तक में पानी घुस गया। बच्चों ने स्कूल में भरे पानी को ही स्विमिंग पूल बना लिया।

यह बारिश नगर निगम की तैयारियों की भी परीक्षा बन गई। करीब डेढ़ से दो घंटे की लगातार बारिश के बाद शहर के कई निचले इलाकों में जलभराव हो गया। रेलवे स्टेशन के सामने, तीन पुलिया, कहारवाड़ी और घासपुरा क्षेत्र पूरी तरह पानी में डूब गए। घासपुरा क्षेत्र में नाले का पानी उफान पर आ गया और सड़क पर घुटनों तक पानी भर गया। जलभराव के कारण लोगों के घरों, दुकानों और एक स्कूल परिसर में भी पानी घुस गया। कई घरों में गृहस्थी का सामान और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण खराब हो गए, जिससे लोगों को भारी नुकसान उठाना पड़ा।

ये भी पढ़ें: खुले आसमान के नीचे सड़ रहा धान: पन्ना में वेयरहाउस की लापरवाही से लाखों का नुकसान, अनाज से उगने लगे पौधे

स्कूल परिसर में पानी भरने के बाद बच्चों ने इसे स्विमिंग पूल समझ लिया और पानी में तैराकी करने लगे। यह नजारा लोगों के मोबाइल कैमरों में कैद हो गया और अब सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है। बारिश के बाद एक बार फिर नालों की सफाई के दावों पर सवाल खड़े हो गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय पर नालों की ठीक तरह से सफाई होती और नालों पर कब्जे न होने दिए गए होते तो शहर को इस तरह की स्थिति का सामना नहीं करना पड़ता।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m