इमरान खान, खंडवा। मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में मां दुर्गा की प्रतिमा लाते समय एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है। खंडवा-बुरहानपुर हाईवे पर मोकलगांव के पास प्रतिमा ले जा रहा वाहन अचानक ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गया। इस हादसे में चार युवक गंभीर रूप से झुलस गए, जबकि मां दुर्गा की प्रतिमा को भी नुकसान पहुंचा है।

बुरहानपुर से टपालचाल लाई जा रही थी प्रतिमा 

जानकारी के अनुसार, टपालचाल क्षेत्र के श्रद्धालु और युवक बुरहानपुर से मां दुर्गा की भव्य प्रतिमा लेकर खंडवा आ रहे थे। जैसे ही उनका वाहन मोकलगांव के पास से गुजरा, तभी सड़क के ऊपर से निकली हाईटेंशन पावर लाइन से प्रतिमा या उसका ढांचा छू गया। पलक झपकते ही वाहन में करंट फैल गया, जिसकी चपेट में आकर टपालचाल क्षेत्र के चार युवक बुरी तरह झुलस गए।

विधायक कंचन तनवे ने जाना हाल 

हादसे के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों और सहयोगियों की मदद से चारों घायल युवकों को आनन-फानन में खंडवा के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज जारी है। घटना की खबर मिलते ही क्षेत्रीय विधायक कंचन तनवे तुरंत जिला अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने डॉक्टरों से घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी ली और परिजनों को ढांढस बंधाते हुए घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए। फिलहाल पुलिस और प्रशासन मामले की जांच में जुटे हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m