इमरान खान, खंडवा। जिले के मूंदी थाना क्षेत्र के ग्राम बांगरदा पुनर्वास से अंधविश्वास और मानवता को शर्मसार कर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां 7 से 8 महीने की एक मासूम बच्ची को श्मशान घाट ले जाकर उल्टा लटकाने का दुस्साहस किया गया। ग्रामीणों के अनुसार, एक बुजुर्ग महिला और एक अन्य व्यक्ति बच्ची को जबरन श्मशान घाट की ओर ले गए थे और आरोप है कि वहां तंत्र-मंत्र के नाम पर बच्ची को उल्टा लटकाकर रखा गया। खेतों के आसपास मौजूद लोगों ने जब यह हैरान कर देने वाला दृश्य देखा, तो वे तत्काल मौके पर पहुंचे, बच्ची को सुरक्षित छुड़ाया और परिजनों को इसकी सूचना दी।
ढाई घंटे तक श्मशान में रखी गई बच्ची
परिजन आयुष जलोदिया ने मीडिया को बाइट देते हुए बताया कि उनकी भांजी को श्मशान घाट की तरफ ले जाया गया था और करीब दो से ढाई घंटे तक उसे वहीं रखा गया था, जिसकी जानकारी मिलते ही परिवार के लोगों के होश उड़ गए। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से तत्काल डायल 112 पर सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और बुजुर्ग महिला सहित एक अन्य व्यक्ति को हिरासत में लेकर मूंदी थाने ले आई।
बुजुर्ग महिला एक महीना पहले ही गांव में रहने आयी थी
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, यह बुजुर्ग महिला और उसके साथ आया व्यक्ति करीब एक महीने पहले ही बांगरदा पुनर्वास में आकर रहने लगे थे और उन्होंने गांव में एक अस्थायी टपरी बना रखी थी। इस घटना के सामने आने के बाद से पूरे गांव में भारी आक्रोश का माहौल है।
पुलिस कर रही जांच
फिलहाल बच्ची को श्मशान घाट ले जाने और वहां उसके साथ कथित रूप से किए गए कृत्य को लेकर पुलिस जांच जरूरी है। बच्ची की स्वास्थ्य स्थिति और पूरे मामले की वास्तविकता पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

