इमरान खान, खंडवा । मध्य प्रदेश के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल खंडवा जिले के ओंकारेश्वर से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। यहाँ नर्मदा नदी के गोमुख घाट पर स्नान करते समय उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से आए दो युवक गहरे पानी में चले गए, जिससे दोनों की डूबने से मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे के बाद घाट पर अफरा-तफरी और हड़कंप मच गया।

नहाते समय फिसला पैर 

जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद निवासी दो युवक (सौरभ और अमन) ओंकारेश्वर दर्शन करने पहुंचे थे। वे नर्मदा नदी के पवित्र गोमुख घाट पर स्नान कर रहे थे। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से दोनों युवक गहरे पानी में चले गए। पानी का तेज बहाव और गहराई अधिक होने के कारण वे संभल नहीं पाए और डूबने लगे।

गोताखोरों ने बाहर निकाले शव 

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और घाट पर मौजूद गोताखोरों की टीम हरकत में आई। युवकों को बचाने के लिए तुरंत रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। गोताखोरों की कड़ी मशक्कत के बाद दोनों युवकों के शवों को नर्मदा नदी से बाहर निकाला गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए ओंकारेश्वर थाना प्रभारी अनोख सिंह सिंधिया तुरंत अपनी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को अपनी अभिरक्षा में लेकर पंचनामा बनाया और उन्हें पोस्टमार्टम रूम पहुँचाया। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और मृतकों के परिजनों को इस घटना की सूचना दे दी गई है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m