इमरान खान, खंडवा। मध्य प्रदेश के खंडवा जिले के पुनासा से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ सड़क पर बस मोड़ने के दौरान कार से मामूली टक्कर हो जाने पर विवाद इतना बढ़ गया कि एक कार चालक ने बीच बाजार बस ड्राइवर की डंडे से बेरहमी से पिटाई कर दी। इस पूरी घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें मारपीट साफ तौर पर देखी जा सकती है।
बस रिवर्स लेते समय हुई थी टक्कर
जानकारी के अनुसार, पुनासा क्षेत्र में बस को रिवर्स करते समय उसकी एक कार से हल्की टक्कर हो गई। इस मामूली बात को लेकर कार चालक आग बबूला हो गया और मौके पर विवाद शुरू हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार चालक राजेंद्र यादव ने गुस्से में आकर बस ड्राइवर की कॉलर पकड़ ली और उसके साथ बीच सड़क पर गाली-गलौज शुरू कर दी।
बस में आग लगाने की धमकी
विवाद के दौरान आरोपी कार चालक का गुस्सा इतने पर भी शांत नहीं हुआ, उसने गाड़ी से डंडा निकालकर बस ड्राइवर पर हमला कर दिया। ड्राइवर की पिटाई इतनी बेरहमी से की गई कि उसके पैर से खून बहने लगा और वह बुरी तरह घायल हो गया। जाते-जाते आरोपी ने ड्राइवर को धमकी भी दी कि यदि इस रूट पर दोबारा बस चलाई, तो वह बस में आग लगा देगा।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। घायल बस ड्राइवर को तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ उसका उपचार जारी है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

