पंजाब में जाली करेंसी का भंडाफोड़ हुआ है.
खन्ना पुलिस ने सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए कथित जाली करंसी के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है. चौकने वाली बात यह है कि पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 500-500 रुपए के 194 कथित जाली नोट बरामद किए हैं, जिनकी कुल कीमत 97 हजार रुपए बताई जा रही है. पुलिस आगे के मामले की जांच कर रही है.

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान आकाश पुरी निवासी ललहेड़ी रोड खन्ना के रूप में हुई है. इस केस के बारे में

डी.एस.पी. विनोद कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि आकाश पुरी कथित तौर पर जाली करंसी की सप्लाई करता है. सूचना के आधार पर थाना सिटी-2 के ए.एस.आई. हरनेक सिंह की अगुवाई में पुलिस पार्टी ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को मालेरकोटला चौक से काबू कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से कथित जाली नोट बरामद करने का दावा किया है. जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि कथित जाली नोट कहां तैयार किए गए थे, आरोपी इन्हें कहां से लेकर आया था और इन्हें बाजार में चलाने की क्या योजना थी.

जांच में यह भी पता लगाया जाएगा कि नोट तैयार करने के लिए प्रिंटर, स्कैनर या अन्य इलैक्ट्रॉनिक उपकरणों का इस्तेमाल किया गया था या नहीं. डी.एस.पी. ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है, ताकि कथित जाली करंसी के स्रोत, उसकी सप्लाई और इस मामले में शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी हासिल की जा सके. यह अहम बात है कि इस कार्य में आरोपी के साथ और कितने लोग लिप्त थे.