Bihar News: मोकामा विधायक अनंत सिंह को जदयू से निष्कासित करने पर राजद के प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने इसे एक पार्टी का निर्णय बताते हुए कहा कि, हम किसी व्यक्ति विशेष को देखकर मामले का आकलन नहीं करते हैं, बल्कि मामले को संविधान की दसवीं अनुसूची और दल-बदल कानून के प्रावधानों के आधार पर देखते हैं। यदि किसी व्यक्ति ने उन प्रावधानों का उल्लंघन किया है, तो उसके खिलाफ कार्रवाई अवश्य होगी।
उनसे यह अपेक्षा नहीं की जा सकती- मंगनी लाल मंडल
वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के ‘मोदी का बाप भी जाएगा’ बयान पर राजद प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल ने कहा कि, उनका (खरगे) बयान हमने भी सुना था। या तो खीझ में, या गुस्से में, या फिर आक्रोश में उन्होंने ऐसी बातें कही होंगी। क्योंकि उस दिन पूरे दिन बापू सभागार में हंगामा होता रहा। यह हंगामा कांग्रेस अध्यक्ष को लेकर हो रहा था और इसमें पार्टी की अंदरूनी राजनीति भी शामिल थी, उनसे यह अपेक्षा नहीं की जा सकती है। हम व्यक्तिगत रूप से उससे सहमत नहीं हैं।
खरगे के इस बयान पर मचा है बवाल
गौरतलब है कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे कल पटना पहुंचे थे, जहां उन्होंने गांधी मैदान स्थित बापू सभागार में आयोजित श्री कृष्ण सिंह के जयंती समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान कार्यक्रम में मौजूद एक शख्स अपनी जगह से चिल्लाने लगा कि ‘मोदी नहीं जाएगा’। यह सुनते ही खरगे भड़क उठे और गुस्से में तमतमाते हुए कहा कि, ‘मोदी का बाप भी जाएगा’। खरगे के इस बयान पर बिहार से लेकर दिल्ली तक सियासी हलचल मचा हुआ है।
खरगे के सामने राजेश राम और अल्लावरु का विरोध
खरगे के पटना दौरे पर बिहार कांग्रेस के अंदर कार्यकर्ताओं में मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम और प्रभारी कृष्णा अल्लावरु को लेकर नाराजगी देखने को मिली। खरगे जिस बापू सभागर में डॉ. श्रीकृष्ण सिंह की 139वीं जयंती के कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। उसके बाहर पार्टी कार्यकर्ता एक बैनर लिए राजेश राम और कृष्णा अल्लावरु को उनके पदों से हटाने की मांग कर रहे थे। प्रदर्शनकारी जो बैनर लेकर पहुंचे थे, जिसपर लिखा था- ‘बीजेपी का एजेंट बिहार कांग्रेस का अध्यक्ष राजेश राम और प्रभारी कृष्णा अल्लावरु हटाओ, कांग्रेस बचाओ।’
ये भी पढ़ें- ‘…जिस तरह नीतीश को हटाया गया’, अनंत सिंह के निष्कासन पर तेजस्वी यादव का बड़ा बयान

