हेमंत शर्मा, खरगोन। मध्य प्रदेश में मानसून की दस्तक के साथ ही कई इलाकों से डराने वाली तस्वीरें सामने आने लगी हैं। खरगोन जिले के भगवानपुरा क्षेत्र में भारी बारिश की शुरुआत होते ही कुंदा नदी और उससे जुड़े कई नदी-नाले उफान पर आ गए हैं। बाढ़ जैसे हालात के बीच ग्रामीण और स्कूली बच्चे जान जोखिम में डालकर उफनते पुल और पुलियाओं को पार करने पर मजबूर हैं। सुरक्षा इंतजामों की कमी के चलते यहां कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
ये भी पढ़ें: MBA छात्रों की स्कॉलरशिप में फ्रॉड! 118 फर्जी खातों से उड़ाए 99 लाख, CBI की रडार पर यूको बैंक मैनेजर सहित 6 आरोपी
खौफनाक सफर के दो अलग-अलग वीडियो
सोशल मीडिया पर इस खौफनाक सफर के दो अलग-अलग वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं, जो सीधे तौर पर प्रशासनिक दावों और जमीनी हकीकत पर गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं।
पहली तस्वीर: राजमोहली गांव में बच्चों का हाथ पकड़कर उफनती नदी पार करा रहे परिजन
पहला हैरान करने वाला वीडियो भगवानपुरा के पीपलझोपा अंतर्गत राजमोहली गांव का है। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि तेज बहाव के बीच परिजन अपने मासूम बच्चों का हाथ पकड़कर उन्हें उफनती नदी पार करा रहे हैं। जरा सी चूक या पैर फिसलने पर बच्चे नदी के तेज बहाव में बह सकते हैं, लेकिन बेहतर भविष्य और स्कूल पहुंचने की मजबूरी के आगे ग्रामीण इस जानलेवा रास्ते को चुनने पर विवश हैं।
दूसरी तस्वीर: काबरी-सागमली मार्ग पर बच्चों को पीठ पर लादकर बचा रहे जान
दूसरा वीडियो काबरी-सागमली मार्ग से सामने आया है, जो दिल दहला देने वाला है। यहां पानी से लबालब डूबी पुलिया के बीच से एक बैलगाड़ी को निकालने की कोशिश की जा रही है। उफनते पानी के बीच बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बड़े-बुजुर्ग उन्हें अपनी पीठ पर बैठाकर सुरक्षित निकालने का प्रयास कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें: BLO के लिए खुशखबरी! मतदान सूची के कर्मचारियों का बढ़ा मानदेय, अब मिलेंगे 12 हजार
प्रशासन की अपील बेअसर, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे बड़े सवाल
नदी-नालों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन द्वारा लगातार लोगों से अपील की जा रही है कि वे पानी होने पर पुल-पुलिया पार न करें। इसके बावजूद ग्रामीण और स्कूली बच्चे मजबूरी में आवागमन कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि हर साल बारिश में यही स्थिति बनती है, लेकिन प्रशासन द्वारा मैदानी स्तर पर सुरक्षा के कोई पुख्ता इंतजाम या वैकल्पिक रास्ते नहीं बनाए जाते। ये तस्वीरें सीधे तौर पर क्षेत्र की लचर सुरक्षा व्यवस्था और सुदूर अंचलों में बुनियादी सुविधाओं की कमी की पोल खोल रही हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

