हर्षराज गुप्ता, खरगोन । मध्य प्रदेश के खरगोन जिले से एक बेहद मार्मिक और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। यहाँ जिला अस्पताल के पास एक बुजुर्ग व्यक्ति अपनी पत्नी की अचानक हुई मौत का सदमा बर्दाश्त नहीं कर सका और उसने घर पहुंचकर कीटनाशक पी लिया। हालत बिगड़ने पर उसे गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसका उपचार जारी है।
इलाज के दौरान हुई थी पत्नी की मौत
जानकारी के अनुसार, पोखराबाद निवासी 65 वर्षीय अंगूर बाई का मानसिक रोग से संबंधित इलाज डॉक्टर श्याम नीमा के निजी क्लीनिक पर चल रहा था। शुक्रवार को उपचार के दौरान अचानक महिला की तबियत अधिक बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई। बेटे बाबूलाल के मुताबिक, क्लीनिक में डॉक्टर द्वारा इंजेक्शन लगाए जाने के कुछ ही देर बाद उनकी मां बेहोश हो गईं, जिसके बाद अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पति ने उठाया खौफनाक कदम
अपनी जीवनसंगिनी की अचानक हुई मौत की खबर से बुजुर्ग पति अंदर से पूरी तरह टूट गए। पत्नी का शव घर पहुंचने या मौत का सदमा वे सहन नहीं कर पाए और गुस्से व निराशा में उन्होंने घर पर ही रखा हुआ कीटनाशक (ज़हर) पी लिया। कुछ ही देर में उनकी हालत तेजी से बिगड़ने लगी। परिजनों ने जब उन्हें कीटनाशक का सेवन करते देखा, तो उनके होश उड़ गए। आनन्-फानन में परिवार के लोग उन्हें लेकर तुरंत जिला अस्पताल पहुंचे, जहाँ इमरजेंसी वार्ड में डॉक्टरों की टीम उनकी जान बचाने के प्रयासों में जुटी हुई है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

