उत्तराखंड के सीमांत क्षेत्र खटीमा में पहली बार तीन दिवसीय आदि रंगोत्सव-2026 का भव्य शुभारंभ किया गया है. इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और केंद्रीय मंत्रियों की मौजूदगी में 18 राज्यों के जनजाति कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियां दीं.
खटीमा. उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले स्थित खटीमा में तीन दिवसीय ‘उत्तराखंड आदि रंगोत्सव-2026’ का भव्य शुभारंभ हुआ. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू और केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम ने संयुक्त रूप से इस सांस्कृतिक आयोजन का उद्घाटन किया. इससे पहले यह प्रतिष्ठित महोत्सव केवल राजधानी देहरादून तक सीमित रहता था, लेकिन इस बार इसे थारू जनजाति की बहुल भूमि खटीमा में आयोजित किया गया है.
समारोह की शुरुआत से पूर्व खटीमा के मुख्य चौराहे से लेकर आयोजन स्थल तक एक विशाल रोड शो निकाला गया, जिसमें स्थानीय लोगों और जनजातीय समाज का भारी हुजूम उमड़ा. कार्यक्रम के दौरान देश के 18 अलग-अलग राज्यों से आए जनजातीय सांस्कृतिक दलों ने अपनी पारंपरिक नृत्य व कला की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं. इस दौरान मुख्यमंत्री धामी जौनसार-भाबर की ढोल-दमाऊ टीम और हनुमान अंश के कलाकारों के साथ खुद ढोल बजाते हुए थिरकते नजर आए.
उत्सव के मंच से केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम ने खटीमा स्थित एकलव्य जनजातीय विद्यालय के आधुनिकीकरण और इंफ्रास्ट्रक्चर सुधार के लिए 10 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत करने का औपचारिक ऐलान किया. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आयोजन में पहुंचे सभी मेहमानों और कलाकारों का अभिनंदन करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से स्थानीय संस्कृति और हस्तशिल्प को नई पहचान मिलती है.
कार्यक्रम स्थल पर स्थानीय उत्पादों और जनजातीय कारीगरी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न प्रदर्शनी स्टॉल भी लगाए गए. सांस्कृतिक संध्या में लोक गायिका माया उपाध्याय और कलाकार श्वेता माहरा की प्रस्तुतियों का भी समागम रखा गया. इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, नैनीताल सांसद अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री खजान दास, विधायक प्रदीप बत्रा और राम सिंह कैड़ा सहित कई जनप्रतिनिधि व प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे.

