Khatu Shyam Ji Janmashtami 2026: श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के दिन राजस्थान के सीकर स्थित विश्व प्रसिद्ध खाटूश्यामजी धाम में लाखों श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा है। भक्तों की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने रींगस से खाटूश्यामजी तक 17 किलोमीटर लंबे मार्ग को पूरी तरह नो व्हीकल जोन घोषित किया है। इस रास्ते पर एंबुलेंस और पुलिस वाहनों को छोड़कर सभी वाहनों की आवाजाही पर रोक है। भीड़ नियंत्रण के लिए आज VIP दर्शन भी बंद कर दिए गए हैं। श्रद्धालुओं को सामान्य कतारों से ही दर्शन कराए जा रहे हैं।

17 KM तक पैदल पहुंच रहे श्रद्धालु

जन्माष्टमी और वीकेंड के चलते रींगस से खाटूश्यामजी धाम तक बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। सुबह से ही रींगस रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड से हजारों भक्त पैदल खाटू धाम की ओर बढ़ रहे हैं।

प्रशासन ने रींगस से खाटूश्यामजी तक मुख्य सड़क मार्ग को आज पूरी तरह नो व्हीकल जोन बनाया है। दोपहिया और चौपहिया वाहनों समेत सभी तरह की गाड़ियों का प्रवेश प्रतिबंधित है। केवल एंबुलेंस और पुलिस वाहनों को इस मार्ग पर जाने की अनुमति है।

500 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात

भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर और मेले में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। 500 से अधिक पुलिस जवानों के साथ RAF और मंदिर के निजी सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है। श्रद्धालुओं की निगरानी के लिए जगह-जगह CCTV कैमरे लगाए गए हैं। ड्रोन से भी पूरे इलाके पर नजर रखी जा रही है।

VIP दर्शन बंद, 14 कतारों से दर्शन

श्री श्याम मंदिर कमेटी के मंत्री मानवेंद्र सिंह चौहान के मुताबिक, भीड़ को देखते हुए आज VIP दर्शन व्यवस्था पूरी तरह बंद कर दी गई है। सभी श्रद्धालुओं को सामान्य लाइनों से ही दर्शन करवाए जाएंगे। भक्तों के लिए मंदिर में 14 अलग-अलग कतारों की व्यवस्था की गई है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल और चिकित्सा शिविर भी लगाए गए हैं। टेंट सिटी की भी व्यवस्था की गई है।

रात 12 बजे होगा श्रीकृष्ण जन्मोत्सव

खाटूश्यामजी मंदिर परिसर में देर शाम से भजन संध्या का आयोजन होगा। प्रसिद्ध भजन गायक देर रात तक भजनों की प्रस्तुति देंगे। वहीं रींगस कस्बे में श्री सूर्य मंडल समाज सेवा समिति की ओर से गोपीनाथ राजा मंदिर के बाहर जन्माष्टमी महोत्सव आयोजित किया जाएगा। शाम 7 बजे से रात 12 बजे तक दही मटकी फोड़, कृष्ण लीला झांकी और भजन-कीर्तन समेत कई कार्यक्रम होंगे। रात 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा।

पढ़ें ये खबरें