Khatu Shyamji Guest House Assault: आस्था की नगरी खाटूश्यामजी में सोमवार तड़के बदमाशों ने जमकर उत्पात मचाया। मामला गेस्ट हाउस संचालकों के बीच आपसी रंजिश का है, जिसमें 8-10 बदमाशों ने श्रीकृष्णम गेस्ट हाउस के अंदर घुसकर कर्मचारियों को लाठी-सरियों से लहूलुहान कर दिया। वारदात का एक दहला देने वाला वीडियो भी सामने आया है, जिसमें हमलावर बेखौफ होकर तोड़फोड़ और मारपीट करते नजर आ रहे हैं। मामला दांतारामगढ़ रोड का है, जहां बदमाशों ने न सिर्फ मारपीट की बल्कि जाते-जाते पुलिस के नाम की धमकी भी दे डाली।

श्रीकृष्णम गेस्ट हाउस के मालिक हरफूल बिजारणियां ने बताया कि सोमवार सुबह करीब सवा पांच बजे एक कैंपर गाड़ी में सवार होकर सुनील शर्मा, दीपेंद्र जालपानी, करण सिंह और उनके साथी आए। ये सभी आरोपी इलाके के ही प्रभात पैलेस, श्याम बाबा पैलेस और युवराज गेस्ट हाउस के संचालक हैं। ऑफिस में घुसते ही इन लोगों ने कर्मचारी गजराज और समीर पर हमला बोल दिया। बदमाशों ने गमले फेंककर मारे और डंडों से तब तक पीटा जब तक वे अधमरे नहीं हो गए।
पुलिस हमारा कुछ नहीं बिगाड़ सकती
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि हमलावर केवल मारपीट करने नहीं आए थे, बल्कि वे ऑफिस से लैपटॉप, मोबाइल और गल्ले में रखे पैसे भी लूट ले गए। यही नहीं, कर्मचारी गजराज के गले से सोने की चेन भी छीन ली गई। जाते वक्त बदमाशों ने सीना ठोककर कहा, पुलिस हमारा कुछ नहीं बिगाड़ सकती, हम उन्हें बंधी (महीना) देते हैं। अगर पुलिस को बताया तो गेस्ट हाउस चलना मुश्किल कर देंगे।
क्यों हुई मारपीट?
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, घायल कर्मचारी गजराज और समीर पहले आरोपी संचालकों के गेस्ट हाउस में काम करते थे। कुछ समय पहले ही उन्होंने वहां काम छोड़ दिया और श्रीकृष्णम गेस्ट हाउस में नौकरी शुरू कर दी। इसी ‘धंधे की खुन्नस’ में आरोपियों ने इस खूनी वारदात को अंजाम दिया। मारपीट के दौरान ऑफिस का फर्नीचर और कांच भी तोड़ दिए गए।
दो आरोपी हिरासत में
खाटूश्यामजी थाना SHO पवन कुमार चौबे ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। वीडियो फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान की गई है और दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस अब अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है और पुलिस को बंधी देने वाले बयान की भी जांच की जा रही है।
पढ़ें ये खबरें
- चेहरे पर दिखने लगे हैं व्हाइटहेड्स? यहाँ जानें कैसे पाएं छुटकारा और पायें राहत
- छत्तीसगढ़ से जबलपुर पहुंचा 40 हाथियों का झुंडः वन विभाग अलर्ट, 24 घंटे रखी जा रही है पैनी नजर
- संगरूर में दर्दनाक सड़क हादसा: तेज रफ्तार कार ने मनरेगा मजदूरों को कुचला, 8 की मौत और 12 घायल
- हैरान करने वाला मामला: अस्पताल से लापता युवक 10 दिन बाद लौटा घर, बंधक बनाकर मारपीट करने का लगाया आरोप
- 20 हजार से कम में Samsung Galaxy F70 5G लॉन्च! 50MP OIS कैमरा और Super AMOLED डिस्प्ले से लैस, जानें कीमत और फीचर्स
