Automobile Desk: भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में अपनी पकड़ को और मजबूत करने के लिए वाहन निर्माता कंपनी किआ इंडिया (Kia India) आने वाले वर्षों में एक बड़ा दांव खेलने की तैयारी में है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी वर्ष 2028-29 तक भारत में दो बिल्कुल नई एसयूवी (SUVs) लॉन्च करने की योजना बना रही है। इस नए प्रोडक्ट पोर्टफोलियो के तहत एक गाड़ी किआ की लोकप्रिय एसयूवी सेल्टोस (Seltos) के नीचे के सेगमेंट में उतारी जाएगी, जबकि दूसरी गाड़ी 7-सीटर विकल्प के रूप में सेल्टोस से ऊपर के सेगमेंट में जगह बनाएगी।
इन दोनों गाड़ियों को मुख्य रूप से B और C सेगमेंट में पेश किया जा सकता है। भारतीय बाजार में इनकी संभावित कीमत 10 लाख रुपये से लेकर 35 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) के बीच रहने का अनुमान है। हालांकि, इन दोनों प्रोजेक्ट्स पर कंपनी की स्थिति थोड़ी अलग है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, किआ ने सेल्टोस से छोटे आकार वाली नई मिड-साइज एसयूवी के प्रोजेक्ट को भारत के लिए लगभग हरी झंडी दे दी है। वहीं, 7-सीटर सेगमेंट वाली बड़ी C-सेगमेंट एसयूवी फिलहाल विचार-विमर्श के चरण में है और इसे अभी तक कंपनी प्रबंधन से अंतिम मंजूरी नहीं मिली है।

सेल्टोस से नीचे पेश होगी 4.2 मीटर की नई SUV
किआ की यह नई मिड-साइज एसयूवी बाजार में सेल्टोस के साथ ही बेची जाएगी। कंपनी इस रणनीति के जरिए एक ही सेगमेंट में ग्राहकों को दो अलग-अलग विकल्प देने की योजना बना रही है। मारुति सुजुकी ने भी अपनी ग्रैंड विटारा (Grand Vitara) और विक्टोरिस (Victoris) के साथ यही रणनीति अपनाई थी, जो काफी सफल साबित हुई है।
इसी राह पर चलते हुए हुंडई मोटर इंडिया (Hyundai Motor India) भी दिवाली के आसपास वैश्विक बाजार में उपलब्ध ‘बेयॉन’ (Bayon) पर आधारित अपनी एक नई मिड-साइज एसयूवी पेश कर सकती है। किआ की आने वाली नई एसयूवी की लंबाई लगभग 4.2 मीटर के आसपास होने की संभावना है।
तकनीकी रूप से यह गाड़ी सेल्टोस वाले प्लेटफॉर्म, इंजन और कई फीचर्स पर आधारित हो सकती है। लेकिन दोनों गाड़ियों को एक-दूसरे से अलग दिखाने के लिए इसके एक्सटीरियर और इंटीरियर डिजाइन में बड़े बदलाव देखने को मिलेंगे। कीमत के मामले में इसे सेल्टोस से थोड़ा किफायती रखा जाएगा, जिससे यह सीधे तौर पर मारुति विक्टोरिस और हुंडई की आने वाली नई एसयूवी को टक्कर दे सकेगी।
अल्काजार और सफारी को चुनौती देने आएगी 7-सीटर SUV
किआ की दूसरी प्रस्तावित गाड़ी 7-सीटर लेआउट के साथ आएगी, जिसे सेल्टोस और सोरेंटो (Sorento) के बीच पोजिशन किया जाएगा। लगभग 30 से 35 लाख रुपये की संभावित कीमत वाली सोरेंटो एक प्रीमियम व्हीकल होगी, इसलिए यह नई 7-सीटर एसयूवी उन ग्राहकों के लिए एक किफायती और व्यावहारिक विकल्प बनेगी जो बड़े केबिन वाली पारिवारिक गाड़ी चाहते हैं।
लॉन्च होने के बाद भारतीय बाजार में इस 7-सीटर एसयूवी का सीधा मुकाबला हुंडई अल्काजार (Hyundai Alcazar), टाटा सफारी (Tata Safari) और एमजी हेक्टर प्लस (MG Hector Plus) जैसी लोकप्रिय गाड़ियों से होगा।
हाइब्रिड समेत मिलेंगे कई इंजन ऑप्शन
भविष्य की जरूरतों और ग्राहकों की अलग-अलग पसंद को ध्यान में रखते हुए, किआ अपनी इन दोनों नई एसयूवी में मल्टी-पावरट्रेन विकल्प देने पर काम कर रही है। दोनों ही मॉडल्स में पेट्रोल और डीजल इंजन के साथ-साथ स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड (Hybrid) तकनीक का विकल्प भी दिया जा सकता है। हाइब्रिड इंजन के आने से इन गाड़ियों में बेहतर माइलेज और कम उत्सर्जन की सुविधा मिलेगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


