Automobile Desk: भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में दक्षिण कोरियाई वाहन निर्माता कंपनी किआ (Kia India) का दबदबा लगातार मजबूत होता जा रहा है। सितंबर 2026 के महीने में कंपनी ने अपनी बिक्री के आंकड़ों से हर किसी को हैरान कर दिया है। ऑटो मेकर ने इस दौरान कुल 32,017 गाड़ियों की बिक्री दर्ज की, जो पिछले साल यानी सितंबर 2025 के मुकाबले करीब 41 फीसदी अधिक है। इस जबरदस्त ग्रोथ के पीछे जहां किआ के पुराने लोकप्रिय मॉडल्स का हाथ रहा, वहीं हाल ही में उतरी प्रीमियम एसयूवी सोरेंटो (Kia Sorento) ने भी शोरूम पहुंचते ही ग्राहकों को काफी आकर्षित किया है।
भारत में 4 सितंबर 2026 को आधिकारिक तौर पर पेश की गई किआ सोरेंटो का बिक्री के लिहाज से यह पहला महीना था। सितंबर माह में ही इस गाड़ी की 1,739 यूनिट्स बिक गईं, जिसकी बदौलत यह आते ही कंपनी की टॉप-5 सबसे ज्यादा बिकने वाली कारों की फेहरिस्त में शामिल हो चुकी है। अगर अगस्त में डीलरशिप्स पर भेजी गई 365 यूनिट्स को भी इसमें जोड़ दिया जाए, तो सोरेंटो का कुल डिस्पैच आंकड़ा 2,104 यूनिट्स पर पहुंच जाता है। भारतीय बाजार में कंपनी ने अपनी इस नई एसयूवी की एक्स-शोरूम कीमत ₹27.99 लाख से लेकर ₹40.39 लाख तक तय की है। यह कार मुख्य रूप से उन खरीदारों को ध्यान में रखकर तैयार की गई है, जो लग्जरी फीचर्स, ताकतवर परफॉर्मेंस और बेहतर केबिन स्पेस की तलाश में रहते हैं।
इंजन और पावरट्रैन की बात करें तो किआ सोरेंटो को दो अलग-अलग विकल्पों में पेश किया गया है। इसमें पहला ऑप्शन 1.6-लीटर टर्बो-पेट्रोल स्ट्रॉन्ग-हाइब्रिड पावरट्रेन का मिलता है। यह सेटअप 180hp क्षमता वाले पेट्रोल इंजन और 65hp की इलेक्ट्रिक मोटर के साथ मिलकर काम करता है, जिससे गाड़ी को 265Nm का टॉर्क हासिल होता है। दूसरा ऑप्शन उन लोगों के लिए है जो डीजल गाड़ी पसंद करते हैं; इसके तहत 2.2-लीटर टर्बो-डीजल इंजन मिलता है, जो 193hp की दमदार पावर और 442Nm का जनरेटेड टॉर्क देता है। सिटिंग अरेंजमेंट में ग्राहकों को 6-सीटर और 7-सीटर दोनों विकल्प चुनने की आजादी दी गई है।

फीचर्स के मोर्चे पर भी यह एसयूवी बेहद खास है। केबिन के भीतर 12.3-इंच की दो बड़ी स्क्रीन, हेड-अप डिस्प्ले, पैनोरमिक सनरूफ, वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स और पावर्ड टेलगेट जैसे मॉडर्न फीचर्स दिए गए हैं। इतना ही नहीं, लॉन्ग ड्राइव के दौरान यात्रियों के आराम का ध्यान रखते हुए सेकेंड रो में वेंटिलेशन वाली कैप्टन सीट्स दी गई हैं। सुरक्षा के नजरिए से देखें तो गाड़ी में 10 एयरबैग, 360-डिग्री व्यू कैमरा, डुअल डैशकैम और एडवांस्ड लेवल 2+ ADAS सेफ्टी सूट जैसे सुरक्षा उपकरण दिए गए हैं।
कारोबारी साल 2027 की पहली छमाही (अप्रैल से सितंबर 2026) के दौरान किआ इंडिया की ओवरऑल ग्रोथ भी देखने लायक रही। इस 6 महीने की अवधि में कंपनी ने कुल 1,68,683 गाड़ियां बेचीं, जो साल-दर-साल 29 फीसदी की सीधी बढ़त को दर्शाता है। वहीं, जुलाई से सितंबर की दूसरी तिमाही में बिक्री का आंकड़ा 89,259 यूनिट्स रहा, जिसमें सालाना आधार पर 39 प्रतिशत और पिछली तिमाही के मुकाबले 12 प्रतिशत का इजाफा हुआ।
मॉडल्स के प्रदर्शन पर नजर डालें तो किआ सेल्टोस (Kia Seltos) पहली छमाही में कंपनी का फ्लैगशिप ड्राइवर बनी रही। सेल्टोस ने अकेले 67,667 यूनिट्स की बिक्री दर्ज की, जो पिछले साल की समान अवधि की तुलना में 99 फीसदी की भारी बढ़ोतरी है। दूसरे पायदान पर किआ सोनेट (Kia Sonet) रही, जिसकी 56,929 यूनिट्स बिकीं और इसने 21 फीसदी की सालाना बढ़ोतरी दर्ज की। हालांकि, कारेंस, कारेंस क्लेविस और क्लेविस ईवी जैसे मॉडल्स की कुल मिलाकर 34,284 यूनिट्स ही बिक सकीं, जिसमें 18 फीसदी की गिरावट आई। इसके बावजूद, नए फेस्टिव सीजन और सोरेंटो के नए अवतार ने किआ की कुल बिक्री को एक नई रफ्तार दे दी है।

