अजयारविंद नामदेव, शहडोल। शहडोल जिले के केशवाही वन परिक्षेत्र में पिछले कई दिनों से दहशत का पर्याय बने बिगड़ैल हाथी को आखिरकार वन विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद रेस्क्यू कर काबू में कर लिया, ग्रामीण और  मवेशियों की जान लेने वाले इस हाथी के पकड़े जाने से क्षेत्र के ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।

READ MORE: ट्विशा शर्मा केस: भोपाल पुलिस कमिश्नर बोले- AIIMS में होगा दोबारा पोस्टमार्टम, आरोपी समर्थ को शरण देने वालों पर भी होगी कार्रवाई

 यह हाथी पिछले कई दिनों से शहडोल और आसपास के वन क्षेत्रों में उत्पात मचा रहा था, 13 मई को केशवाही रेंज के गिरवा कुदरा टोला निवासी किसान छोटेलाल सिंह और उनकी गाय को कुचलकर मौत के घाट उतारने के बाद वन विभाग ने इसे पकड़ने के लिए विशेष अभियान शुरू किया था, हालांकि हाथी लगातार रेस्क्यू टीम को चकमा देकर घने जंगलों में भाग जाता था, जिससे अभियान चुनौतीपूर्ण बन गया था।

वन विभाग ने इस ऑपरेशन के लिए बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व, जबलपुर और मुकुंदपुर से विशेषज्ञों एवं पशु चिकित्सकों की टीम को बुलाया, पांच विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में प्रशिक्षित हाथियों की मदद से अभियान चलाया गया,करीब तीन दिनों तक चले लगातार प्रयासों के बाद केशवाही वन परिक्षेत्र के बेलिया क्षेत्र में हाथी को सुरक्षित तरीके से बेहोश कर काबू में लिया गया और जंजीरों से बांधकर नियंत्रित किया गया।

READ MORE: ‘इंस्टा दोस्ती’ का खतरनाक अंजाम: शादी का भरोसा देकर मुंबई की लड़की से दुष्कर्म, आरोपी युवक ने ऐसे बनाया हवस का शिकार 

वन अधिकारियों के अनुसार हाथी के व्यवहार पर लगातार नजर रखी जा रही है और आगे की कार्रवाई विशेषज्ञों की सलाह के आधार पर की जाएगी, इस अभियान में वन विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों और विशेषज्ञ टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इधर, हाथी के रेस्क्यू की खबर मिलते ही ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई। लंबे समय से हाथी के आतंक के कारण दहशत में जी रहे लोगों ने वन विभाग की कार्रवाई की सराहना की है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि अब वे खुद को पहले से अधिक सुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

इस पूरे मामले में दक्षिण वन मंडल  वनमंडलाधिकारी प्रभारी DFO तरुणा वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि कुछ समय से केशवाही क्षेत्र में विचरण कर नुकसान पहुंचा रहे हाथी का आज 5 डाक्टरों एवं प्रशिक्षित हाथियों की मदद से रेस्क्यू कर लिया गया है, अब आगे की वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।  

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m