गुरुग्राम। सेक्टर-29 स्थित बंद पड़े किंग्डम ऑफ ड्रीम्स (KOD) में सोमवार देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में फिर आग लग गई। परिसर में रखे कबाड़ और पुराने सामान में आग की लपटें उठने की सूचना पर फायर विभाग की पांच दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना में कोई घायल नहीं हुआ। बंद पड़े इस परिसर में बार-बार आग लगने से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।

फायर विभाग को रात 10:09 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। इसके बाद सेक्टर-29 फायर स्टेशन से दमकल गाड़ियां भेजी गईं। आग में परिसर के अंदर रखा काफी सामान जल गया। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

2022 से बंद है किंग्डम ऑफ ड्रीम्स

करीब छह एकड़ में फैले किंग्डम ऑफ ड्रीम्स को जुलाई 2022 में हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) ने सील कर दिया था। यह कार्रवाई 100 करोड़ रुपये से अधिक के लीज रेंट विवाद के चलते की गई थी। इसके बाद से परिसर बंद पड़ा है।

परिसर में कबाड़, थर्माकोल के ढांचे और पुराने शो से जुड़ा सामान बड़ी मात्रा में रखा हुआ है। यहां पहले भी आग लगने की घटनाएं हो चुकी हैं। सुरक्षा और रखरखाव की व्यवस्था नहीं होने के कारण परिसर में असामाजिक तत्वों के घुसने की आशंका भी जताई जाती रही है।

वरिष्ठ फायर अधिकारी नरेंद्र यादव के अनुसार, आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। आशंका है कि सामान चोरी करने के दौरान किसी असामाजिक तत्व ने कुछ जलाया हो, जिससे आग लगी। हालांकि, आग लगने की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। नुकसान का आकलन भी जांच के बाद किया जाएगा।

सेक्टर-52 में कूड़े की आग से कार जलकर राख

गुरुग्राम के सेक्टर-52 में सोमवार शाम एक खाली प्लॉट में कूड़े में आग लग गई। आग पास खड़ी एक पुरानी कार तक पहुंच गई और वह पूरी तरह जल गई। दमकलकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई और पास खड़ी दूसरी कार को उसकी चपेट में आने से बचा लिया। इस घटना में भी कोई घायल नहीं हुआ।

जानकारी के अनुसार, आग की घटना शाम करीब 5:30 बजे हुई। फायर विभाग को शाम 5:47 बजे सूचना मिली, जिसके बाद सेक्टर-29 फायर स्टेशन से दमकल गाड़ी मौके पर भेजी गई। दूसरी कार को बचाने के लिए दमकलकर्मियों ने उसके आसपास पानी का छिड़काव किया।

घटना की सूचना पर सेक्टर-53 थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी नरेंद्र कुमार के अनुसार, आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। जली हुई कार के मालिक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m