किशनगंज। जिले के कोचाधामन थाना क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में 26 वर्षीय एक विवाहिता का शव बरामद किया गया है। मृतका की पहचान महरूमा (26) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से किशनगंज शहर के पुराना खगड़ा वार्ड संख्या 20 की रहने वाली थी। इस घटना के बाद से इलाके में सनसनी फैल गई है और मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

​दहेज प्रताड़ना और अवैध संबंध का गंभीर आरोप

​मृतका के भाई माहिर हुसैन ने अपनी बहन की मौत के लिए सीधे तौर पर उसके पति और ससुराल पक्ष के लोगों को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने जानकारी दी कि महरूमा की शादी मार्च 2020 में कोचाधामन थाना क्षेत्र के पर्यालपुर (वार्ड संख्या 15, मजगामा पंचायत) निवासी एहसान के साथ हुई थी। शादी के कुछ समय बाद से ही उसे लगातार दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाने लगा था।
​भाई के अनुसार, इस विवाद को सुलझाने के लिए पूर्व में चार से पांच बार पंचायत भी बैठाई गई थी, जिसमें समझौते के प्रयास किए गए थे। पारिवारिक दबाव और प्रताड़ना से बचने के लिए परिजनों ने एक बार 20 हजार रुपए नकद भी दिए थे, लेकिन इसके बावजूद ससुराल वालों की मांगें और जुल्म कम नहीं हुए। इसके अलावा, मृतिका ने अपनी मौत से कुछ दिन पहले परिजनों को बताया था कि उसके पति का किसी अन्य महिला के साथ अवैध संबंध चल रहा है, जिसका विरोध करने पर उसे और अधिक प्रताड़ित किया जाता था। मृतका अपने पीछे तीन मासूम बेटियों (उम्र लगभग 2, 3 और 4 वर्ष) को रोता-बिलखता छोड़ गई है।

​गले पर चोट के निशान और टूटी हुई गर्दन का दावा

​माहिर हुसैन का आरोप है कि उनकी बहन को साजिश के तहत गला घोंटकर मारा गया है। उन्होंने दावा किया कि मृतका की गर्दन पर स्पष्ट रूप से चोट के निशान दिखाई दे रहे हैं और उसकी गर्दन भी टूटी हुई प्रतीत हो रही है। उन्होंने मृतका के पति और उसकी ननदों (बहनों) पर इस जघन्य हत्याकांड में शामिल होने का आरोप लगाया है।
​वार्ड पार्षद प्रतिनिधि सफी अहमद ने बताया कि पिछले दो वर्षों से पति-पत्नी के बीच आए दिन कलह होती रहती थी। अवैध संबंध और दहेज के मुद्दों पर कई बार पंचायती के जरिए मामले को शांत कराया गया था, जिसमें पति ने अपनी गलती मानते हुए माफी भी मांगी थी। सोमवार की सुबह जब ससुराल पक्ष के लोगों ने घटना की सूचना दी, तो परिजन मौके पर पहुंचे और शव को सदर अस्पताल लेकर आए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वार्ड पार्षद प्रतिनिधि ने इस मामले की निष्पक्ष उच्चस्तरीय जांच कराकर दोषियों को स्पीडी ट्रायल के तहत कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है।

​पुलिस और एफएसएल टीम की कार्रवाई

​घटना की सूचना मिलते ही कोचाधामन थाना पुलिस तुरंत हरकत में आई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और उसे पोस्टमार्टम के लिए किशनगंज सदर अस्पताल भेज दिया।
​कोचाधामन थाना अध्यक्ष इजहार आलम ने बताया कि मृतका के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों (हत्या या आत्महत्या) का पुख्ता खुलासा हो सकेगा। मामले की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल पर फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की विशेष टीम को भी बुलाया गया है, जो वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने में जुटी है। पुलिस के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर गहनता से मामले की जांच कर रहे हैं और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।