Kishanganj Incident: बिहार के किशनगंज में एक दर्दनाक हादसा हुआ है, जहां मिट्टी खुदाई के दौरान मिट्टी का टीला ढहने से उसमें दबकर 3 बच्चियों की दर्दनाक मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार तीनों बच्चियां घर की लिपाई-पुताई के लिए मिट्टी लाने के लिए गईं थी। घटना दिघलबैंक प्रखंड की हरुवाडांगा पंचायत स्थित सुल्तानगंज गांव की है। एक साथ तीन बच्चियों के मौत की खबर से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
चचेरी बहनें थी मृतक बच्चियां
मृतक तीनों बच्चियां आपस में चचेरी बहनें थीं। मिली जानकारी के अनुसार आज बुधवार की दोपहर वे घर के पास ही मिट्टी खोदने गई थीं। इसी दौरान अचानक मिट्टी की टीला भरभराकर उनके उपर ही गिर गया, जिससे वह मिट्टी के नीचे जब गईं। घटना के समय आसपास कुछ लोग खेतों में काम कर रहे थे। बच्चियों के दबने की जानकारी मिलती ही वे मौके पर पहुंचे और उन्हें बाहर निकाला। हालांकि जब तक ग्रामीणों ने तीनों बच्चियों को मिट्टी से बाहर निकाला तब तक काफी देर हो चुकी थी। मिट्टी में दबने से तीनों की मौत हो चुकी थी।
पूरे गांव में शोक की लहर
एक साथ तीन बच्चियों की मौत से एक तरफ जहां, पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। वहीं, मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। मां-पिता समेत सभी घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक बच्चियों की पहचान जमदेश आलम की दो बेटियों नगमा प्रवीण (10) और निशा प्रवीण (9) तथा उनके सगे भाई फरियाद आलम की बेटी रूबी खातून (8) के रूप में हुई है। तीनों आपस में चचेरी बहनें थीं। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली।
ये भी पढ़ें- ‘राहुल गांधी के पास है थेथरोलॉजी की डिग्री’, पूर्णिया में कांग्रेस नेता पर जमकर बरसे दिलीप जायसवाल

