गर्मियों का मौसम आते ही बाजारों में रसीली और मीठी लीची की बहार नजर आने लगती है। स्वाद और ठंडक से भरपूर लीची बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी की पसंदीदा फल मानी जाती है। इसमें विटामिन C, पोटैशियम, फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट्स भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं, जो शरीर को हाइड्रेट रखने, इम्यूनिटी मजबूत करने और त्वचा को स्वस्थ बनाए रखने में मदद करते हैं। यही वजह है कि लोग गर्मियों में इसे बड़े चाव से खाते हैं, लेकिन एक्सपर्ट्स का मानना है कि जरूरत से ज्यादा लीची खाना सेहत के लिए नुकसानदायक भी साबित हो सकता है।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, लीची में कुछ प्राकृतिक तत्व ऐसे होते हैं, जो ब्लड शुगर लेवल को प्रभावित कर सकते हैं। खासतौर पर खाली पेट लीची खाने से शरीर में ग्लूकोज का स्तर तेजी से गिर सकता है। इससे कमजोरी, चक्कर आना, पसीना आना और थकान जैसी समस्याएं हो सकती हैं। बच्चों में इसका असर ज्यादा देखने को मिलता है, क्योंकि उनका शरीर तेजी से ब्लड शुगर में होने वाले बदलावों को सहन नहीं कर पाता।

हो सकता है टॉक्सिक रिएक्शन

विशेषज्ञ बताते हैं कि अधपकी लीची या बहुत अधिक मात्रा में लीची खाने से शरीर में टॉक्सिक रिएक्शन भी हो सकता है। कुछ रिसर्च में यह सामने आया है कि लीची में मौजूद “हाइपोग्लाइसिन” नामक तत्व शरीर में शुगर बनने की प्रक्रिया को प्रभावित करता है। अगर कोई व्यक्ति पहले से कमजोर है या लंबे समय तक भूखा रहता है, तो यह समस्या और बढ़ सकती है।

सीमित मात्रा में खाएं

हालांकि इसका मतलब यह नहीं कि लीची खाना छोड़ देना चाहिए। सही मात्रा और सही समय पर लीची खाने से इसके कई फायदे मिल सकते हैं। डॉक्टरों के मुताबिक, एक स्वस्थ व्यक्ति दिनभर में 8 से 10 लीची आराम से खा सकता है। इसे हमेशा खाना खाने के बाद या स्नैक के रूप में खाना बेहतर माना जाता है। खाली पेट लीची खाने से बचना चाहिए, खासकर बच्चों को सुबह बिना कुछ खाए लीची नहीं देनी चाहिए।

डायबिटीज के मरीज सीमित मात्रा में खायें

डायबिटीज के मरीजों को भी लीची सीमित मात्रा में खानी चाहिए, क्योंकि इसमें प्राकृतिक शुगर की मात्रा अधिक होती है। वहीं जिन लोगों को एलर्जी या पेट से जुड़ी समस्याएं रहती हैं, उन्हें लीची खाने से पहले डॉक्टर की सलाह लेना बेहतर रहेगा।

लीची खरीदते समय इन बातों का रखें ख्याल

लीची खरीदते समय यह ध्यान रखें कि फल ताजा और अच्छी तरह पका हुआ हो। खराब या सड़ी हुई लीची खाने से फूड पॉइजनिंग का खतरा बढ़ सकता है। साथ ही लीची खाने के बाद पर्याप्त मात्रा में पानी पीना भी जरूरी है, ताकि शरीर हाइड्रेटेड रहे।

गर्मियों में लीची स्वाद और सेहत दोनों का बेहतरीन मेल है, लेकिन किसी भी चीज की अति नुकसानदायक हो सकती है। इसलिए लीची का आनंद लें, लेकिन संतुलित मात्रा में और सही तरीके से, ताकि स्वाद के साथ सेहत भी बनी रहे।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m