मुंबई के पास भिवंडी इलाके में गुरुवार रात बड़ा हादसा हो गया. यहाँ ‘कोहिनूर’ नाम की एक 4 मंजिला रिहायशी इमारत अचानक भरभरा कर ढह गई. इमारत गिरते ही पूरे इलाके में धूल का गुबार उठा और चारों तरफ अफरा-तफरी मच गई. मौके पर राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की टीम, भिवंडी पुलिस के जवान, दमकल विभाग की गाड़ियां और नगरपालिका के अधिकारी मौजूद हैं.

राहत-बचाव का कार्य कर रही एनडीआरएफ ने बताया कि हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई है, जबकि मलबे के नीचे कई अन्य लोगों के फंसे होने की आशंका है. पोकलेन मशीनों और आधुनिक उपकरणों की मदद से मलबा हटाने का काम तेजी से किया जा रहा है, ताकि फंसे हुए लोगों को जल्द से जल्द सुरक्षित निकाला जा सके.

मरम्मत कार्य के दौरान नींव कमजोर हो गई थी कमजोर

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने खुलासा किया कि पिछले कुछ दिनों से इस पुरानी इमारत में मरम्मत का काम चल रहा था. ठेकेदार और मजदूरों ने मरम्मत के दौरान इमारत के 3 पिलर तोड़ दिए थे. पिलर टूटने की वजह से इमारत की नींव कमजोर हो गई और वो अपना संतुलन खोकर पूरी तरह जमींदोज हो गई.

समय रहते बाहर निकले ज्यादातर लोग

इस भीषण हादसे के बीच राहत की बात ये रही कि इमारत ढहने से ठीक पहले कुछ सुगबुगाहट और आवाज हुई थी. खतरा भांपते ही ज्यादातर रहवासी समय रहते इमारत से बाहर भाग निकले, जिससे एक बड़ा जानी नुकसान होने से टल गया. हालांकि, पहली मंजिल पर रहने वाले कुछ लोग और वहां काम कर रहे मजदूर अभी भी मलबे के नीचे फंसे हो सकते हैं. जिला प्रशासन और आपातकालीन टीमों की पहली प्राथमिकता मलबे को साफ कर सभी फंसे हुए लोगों को जल्द से जल्द सुरक्षित बाहर निकालने की है.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m