Odiaha Desk, कोरापुट: चक्रवाती तूफान ‘अरनब’ और इसके प्रभाव से होने वाली भारी बारिश की आशंका को देखते हुए ओडिशा का कोरापुट जिला प्रशासन पूरी तरह से सतर्क हो गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग की चेतावनी के बाद जिला प्रशासन ने ‘जीरो कैजुअल्टी’ के संकल्प के साथ व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं।

मौसम विभाग ने जिले के लिए 26 अक्टूबर को हल्की बारिश, 27 अक्टूबर को ऑरेंज अलर्ट और 28 अक्टूबर के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। स्थिति से निपटने के लिए जिला और ब्लॉक स्तर पर 24/7 चालू रहने वाले कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं।

किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए ODRAF, NDRF और फायर ब्रिगेड की टीमों को 54 नौकाओं तथा आधुनिक उपकरणों के साथ अलर्ट पर रखा गया है। एहतियाती कदम उठाते हुए जिले की लगभग 600 गर्भवती महिलाओं को, जिनकी डिलीवरी अगले 15 दिनों के भीतर संभावित है, पहले से ही ‘मां गृह’, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में भर्ती कराया जा रहा है। सभी चक्रवात आश्रय स्थलों में सूखा भोजन (चूड़ा, गुड़, चावल), पॉलिथीन शीट्स और निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए पर्याप्त जनरेटर तथा डीजल की व्यवस्था की गई है।

पहाड़ी और भूस्खल संभावित क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है। जलाशयों की स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए विशेष नजर रखी जा रही है:

वर्तमान में कोलाब डैम का जलस्तर 77% है, जिस पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए तेलंगिरी, इंद्रावती और डोलापुट बांधों के फाटक खोलकर पहले से ही पानी छोड़ा जा रहा है।

उपमुख्यमंत्री और वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों द्वारा स्थिति की समीक्षा की जा रही है। राजस्व मंत्री ने भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से तैयारियों का जायजा लिया।

कोरापुट के जिलाधिकारी ने नागरिकों से सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों या फर्जी खबरों पर ध्यान न देने की अपील की है। किसी भी आपात स्थिति में सहायता के लिए जिला हेल्पलाइन नंबर 06852-251101 या 1077 पर संपर्क करने का अनुरोध किया गया है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H