Kota City Mall Fire: राजस्थान की कोचिंग सिटी कोटा से आज सुबह एक डराने वाली खबर सामने आई। शहर के सबसे व्यस्त इलाकों में शुमार सिटी मॉल में बुधवार सुबह अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे मॉल को धुएं के गुबार ने घेर लिया। गनीमत यह रही कि हादसा सुबह के वक्त हुआ जब मॉल पूरी तरह खुला नहीं था, वरना बड़ी जनहानि हो सकती थी। फिलहाल प्रशासन ने मोर्चा संभाल लिया है और आसपास के कोचिंग संस्थानों को एहतियातन खाली करा लिया गया है।

सुबह का वक्त था, अचानक उठने लगीं लपटें
मॉल में आग उस वक्त लगी जब वहां शोरूम खुलने की तैयारी चल रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अचानक मॉल के एक हिस्से से आग की लपटें और काला धुआं निकलने लगा। चूंकि यह मॉल कोचिंग हब के बिल्कुल पास है, जहां हजारों की संख्या में छात्र रहते हैं, इसलिए देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। लोगों में जान बचाने की होड़ मच गई और इलाके में अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया।
12 दमकल गाड़ियों ने संभाला मोर्चा, 5 दुकानें स्वाहा
सूचना मिलते ही कोटा नगर निगम की फायर ब्रिगेड और सिविल डिफेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं। करीब एक दर्जन से ज्यादा दमकल की गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर लगभग काबू पा लिया है। हालांकि, इस अग्निकांड की चपेट में आने से 5 दुकानें पूरी तरह जलकर खाक हो गई हैं। प्रशासन अब इस बात की जांच कर रहा है कि कहीं मॉल के अंदर कोई सिलेंडर या अन्य ज्वलनशील पदार्थ तो नहीं रखा था।
कोचिंग संस्थानों को कराया गया खाली
सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस और प्रशासन की टीम ने मॉल के पास स्थित घरों और कोचिंग संस्थानों को तुरंत खाली करवा दिया है। कोटा एसपी ने मौके का मुआयना करने के बाद बताया कि मॉल पूरी तरह से खुला नहीं था, इसलिए किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। स्थिति अब नियंत्रण में है और कूलिंग का काम जारी है।
आग लगने की वजह अभी भी सस्पेंस
शुरुआती जानकारी के अनुसार, आग लगने के कारणों का अभी तक सटीक पता नहीं चल पाया है, लेकिन शॉर्ट सर्किट को इसकी बड़ी वजह माना जा रहा है। जिस जगह आग लगी, वहां अभी शोरूम बंद थे। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, पुलिस अब मॉल के अंदर लगे सेफ्टी इक्विपमेंट और फायर एनओसी की भी जांच करेगी ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।
पढ़ें ये खबरें
- धरने से पहले चांग स्कूल का टेंडर, 287 बेटियों के लिए CJP ने रखा अगला अल्टीमेटम
- भगवान जगन्नाथ की संपत्ति का वैश्विक दायरा: पाकिस्तान के सिंध प्रांत में भी दर्ज है महाप्रभु के नाम जमीन
- शहर की सड़कें देखकर शर्मिंदा हूं… जानें मंत्री ने क्यों कही ये बात…
- दिग्गजों के नाम पर सियासत से लेकर शराबबंदी और बाढ़ पीड़ितों के दर्द तक, चिराग पासवान ने उठाई ये 5 बड़ी मांगें
- ये अन्याय नहीं तो और क्या! स्टाइपेंड बढ़ोतरी की मांग को लेकर BHMS इंटर्न के छात्र-छात्राएं ने खोला मोर्चा, आखिर कब मिलेगा न्याय?


